कैथल में कचरा उठाने को लेकर टकराव:कर्मचारियों को अन्य कर्मियों ने दौड़ाया; बोले- प्रशासन ने बिना सुरक्षा के भेजा
कैथल में करनाल रोड पर लगे कूड़े के ढेर उठाने को लेकर कर्मचारियों के बीच जमकर विवाद हो गया। प्रशासन के निर्देश पर कुछ कर्मचारी जेसीबी और ट्रैक्टर-ट्राली लेकर कचरा उठाने पहुंचे थे। नहर कॉलोनी के पास पहुंचते ही अन्य पुरुष और महिला सफाई कर्मचारी वहां आ गए। आरोप है कि कचरा उठा रहे कर्मचारियों के साथ मारपीट शुरू कर दी। कर्मचारियों के मुताबिक, उस समय मौके पर कोई पुलिस कर्मचारी या ड्यूटी मजिस्ट्रेट मौजूद नहीं था। कर्मचारी पंकज और नरेश ने बताया कि विरोध कर रहे कर्मचारियों ने उन्हें सड़क पर दौड़ाया। बचने के लिए वे एक निर्माणाधीन मकान में जाकर छिप गए। बाद में पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें मकान से बाहर निकालकर काम पर लगाया। पंकज और नरेश ने आरोप लगाया कि उनके साथ गाली-गलौज भी की गई और ड्यूटी करने के बावजूद उन्हें निशाना बनाया गया। ट्रैक्टर की हवा निकाली, जेसीबी की चाबी फेंकी पंकज के अनुसार, विवाद के दौरान कचरा उठाने के लिए लाई गई ट्रैक्टर-ट्रालियों की हवा निकाल दी गई। जेसीबी की चाबी निकालकर फेंक दी गई। जेसीबी और ट्रैक्टर सड़क पर खड़े रहने से यातायात भी प्रभावित हुआ और जाम की स्थिति बन गई। बोले- सुरक्षा नहीं मिली तो काम करना मुश्किल नरेश ने कहा कि प्रशासन की ओर से उन्हें भरोसा दिया गया था कि कचरा उठाने के दौरान पूरी सुरक्षा मिलेगी, लेकिन मौके पर कोई पुलिसकर्मी दिखाई नहीं दिया। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागना और छिपना पड़ा। यदि इसी तरह उन्हें दौड़ाकर पीटा जाएगा तो आगे उनके लिए काम करना मुश्किल होगा और वे काम नहीं करेंगे। पुलिस पहुंची तो मौके से भागे हमलावर घटना की सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। डीएसपी रमेश चंद्र और हड़ताली सफाई कर्मचारियों के प्रधान महेंद्र भी मौके पर पहुंचे। पुलिस के पहुंचने तक हमला करने वाले कर्मचारी मौके से भाग चुके थे। डीएसपी रमेश चंद्र ने कहा कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। सफाई का काम कर रहे कर्मचारियों को जिन कर्मचारियों ने रोका है, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।



