हांसी में युवती लापता, आईटीआई जाने के बात कहकर निकली:परिजनों ने युवक पर लगाया छिपाने का आरोप, कॉल डिटेल की सहायता से तलाश
हांसी जिले के बास थाना क्षेत्र से एक 19 वर्षीय युवती संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई है। परिजनों ने एक युवक पर युवती को छिपाकर रखने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। युवती के भाई ने सोरखी पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के अनुसार, उसकी 19 वर्षीय बहन 25 फरवरी को सुबह लगभग 10 बजे हांसी स्थित आईटीआई जाने की बात कहकर घर से निकली थी। इसके बाद वह वापस नहीं लौटी। परिजनों ने उसकी तलाश आसपास के क्षेत्रों और रिश्तेदारों में की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। परिजनों ने युवक पर लगाया आरोप परिवार ने पहले अपने स्तर पर युवती की तलाश की थी। कोई जानकारी न मिलने पर उन्होंने पुलिस से संपर्क किया। परिजनों ने बास क्षेत्र के एक गांव निवासी अजय नामक युवक पर युवती को छिपाकर रखने का आरोप लगाया है। लापता युवती की उम्र करीब 19 वर्ष है। उसका रंग गोरा, कद लगभग 5 फुट 2 इंच, चेहरा गोल और शरीर पतला है। पुलिस ने केस किया दर्ज घर से निकलते समय उसने काले रंग का सूट-सलवार और पैरों में जूती पहन रखी थी। सोरखी पुलिस चौकी ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 127(6) के तहत मामला दर्ज किया है। महिला एएसआई सुमन रानी को जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई है। तलाश में जुटी पुलिस पुलिस ने बताया कि युवती की तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है और उसके मोबाइल नंबरों की कॉल डिटेल भी खंगाली जाएगी। परिजनों ने प्रशासन से युवती को जल्द से जल्द सुरक्षित बरामद करने की अपील की है।



