बहादुरगढ़ में नशे में नहर में बहा युवक:होली खेलने के बाद नहाने गया था; डुबकी लगाने के बाद नहीं आया उपर
झज्जर में होली (दुल्हेंडी) के त्योहार के दौरान एक युवक की नहर में डूबने से मौत हो गई। बहादुरगढ़ के रोहद इलाके में 4 मार्च की शाम दोस्तों के साथ एनसीआर नहर पर नहाने गया 20 वर्षीय युवक गहरे पानी में डूब गया। बताया जा रहा है कि युवक शराब के नशे में था, जिसके कारण वह पानी के बहाव को समझ नहीं पाया। जानकारी के अनुसार, बिहार निवासी 20 वर्षीय चंदन रोहद स्थित जय शिव प्लाईवुड फैक्ट्री में काम करता था और वहीं पर रहता था। 4 मार्च की शाम को वह अपने कुछ साथियों के साथ एनसीआर नहर पर पहुंचा। नशे में नहाने के लिए उतरा, फिर नहीं निकला बाहर प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चंदन ने शराब पी रखी थी और नशे की हालत में नहाने के लिए नहर में उतर गया। कुछ ही देर में वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया। साथियों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन वह पानी में लापता हो गया। पुलिस और गोताखोरों ने शुरू की तलाश घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश शुरू कर दी गई है। देर शाम तक युवक का कोई सुराग नहीं मिल पाया था। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



