शादी से लौट रही पिकअप ट्रक से टकराई:कानपुर-प्रयागराज हाईवे पर हादसा, 10-12 लोग सुरक्षित बचे
फतेहपुर के कल्यानपुर थाना क्षेत्र में कानपुर-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक सड़क हादसा हुआ। मुरादीपुर के पास शादी समारोह से लौट रही एक पिकअप गाड़ी आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, हालांकि इसमें सवार सभी लोग सुरक्षित बच गए। यह घटना भोर करीब 4 बजे हुई। पिकअप में 10 से 12 लोग सवार थे, जो एक शादी समारोह में डीजे कार्यक्रम संपन्न कर वापस लौट रहे थे। दुर्घटना के बावजूद किसी भी व्यक्ति को गंभीर चोट नहीं आई, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। पिकअप चालक मोनी निषाद, जो सगुनापुर थाना औंग के निवासी हैं, ने बताया कि डीजे बजाकर लौटते समय मुरादीपुर के पास यह टक्कर हुई। हादसे के वक्त वाहन मालिक प्रमोद वर्मा भी पिकअप में मौजूद थे। दुर्घटना की सूचना मिलते ही कल्यानपुर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और क्षतिग्रस्त वाहन को सड़क से हटवाकर यातायात को सामान्य कराया। कल्याणपुर थाना प्रभारी सुमित देव पांडे ने पुष्टि की कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है और सभी लोग सुरक्षित हैं।



