तहसील कार्यालय में भरभराकर गिरा छत का प्लास्टर:रात को गिरने से जनहानि टली, दिन में रहती है स्टाफ और आजमन की आवाजाही
उदयपुर जिले के झाड़ोल तहसील कैंपस में बीती रात बरामदे की छत का प्लास्टर भरभराकर गिर गया। गनीमत रही कि घटना रात के समय हुई। यदि दिन में प्लास्टर गिर जाता तो स्टाफ या अन्य कोई हादसे का शिकार हो जाता, क्योंकि यहां लोगों और स्टाफ की आवाजाही रहती है। तहसील कार्यालय के बरामदे में सुबह स्टाफ गया तो देखा कि वहां पर प्लास्टर गिरा पड़ा था। कार्यपालक मजिस्ट्रेट के चैंबर और रीडर राजस्व शाखा के कक्ष के बाहर बरामदे की छत का प्लास्टर गिरा पड़ा मिला। बता दें कि तहसील कार्यालय के बरामदे से दोनों कक्षों और इसके आगे के कमरों में जाने का रास्ता है। अमूमन जब कार्यालय खुला रहता है तब यहां लोगों की आवाजाही रहती है और स्टाफ भी इधर-उधर जाता है। ऐसे समय में मलबा गिरता तब किसी के ऊपर गिरने की भी पूरी संभावना थी, लेकिन रात में होने से जनहानि नहीं हुई। यहां पर रोजाना सैकड़ों लोग रजिस्ट्री सहित अन्य राजस्व कार्यों के लिए तहसील आते हैं और इसी बरामदे में बैठे रहते हैं। तहसील कार्यालय का भवन काफी पुराना और जर्जर अवस्था में है ऐसे में और भी हादसा होने का अंदेशा बना है। इनपुट : दुष्यंत पूर्बिया, ओगणा



