जमुनिया गांव में श्री श्री 108 सतचंडी महायज्ञ का आगाज:2100 कुंवारी कन्याओं ने कलश शोभा यात्रा में लिया भाग, नौ दिवसीय महायज्ञ की शुरुआत
बेतिया के लौरिया प्रखंड स्थित जमुनिया गांव में बुधवार को श्री श्री 108 सतचंडी महायज्ञ का भव्य आयोजन शुरू हो गया। नौ दिवसीय इस महायज्ञ की शुरुआत कलश शोभा यात्रा से हुई, जिसमें 2100 कुंवारी कन्याओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कलश यात्रा में श्रद्धालुओं का उमड़ा सैलाब कलश यात्रा यज्ञ मंडप से शुरू होकर जमुनिया, गोबरौरा और मटियरिया गांव होते हुए मटियरिया चौक तक पहुंची। यात्रा नरकटियागंज-लौरिया मुख्य सड़क से होकर बगलोचना सिकराहना नदी घाट तक गई। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने जय श्री राम के उद्घोष के साथ पूरे मार्ग को भक्तिमय बना दिया। पंडित सत्यदेव महाराज और यज्ञाचार्य रविराज शुक्ला समेत अन्य पंडितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ जल बोझी कराई। मुख्य यजमान और आयोजन की विशेषताएं जमुनिया गांव के अजीत तिवारी और विरेन्द्र शर्मा इस महायज्ञ के मुख्य यजमान हैं। आयोजन समिति के अध्यक्ष रत्नेश दुबे ने बताया कि महायज्ञ के नौ दिनों तक दिन में धार्मिक अनुष्ठान होंगे। रात में वृंदावन के गणेश लीला मंडल के कलाकारों द्वारा प्रस्तुति दी जाएगी और शाम को देव कृष्ण शास्त्री प्रवचन करेंगे। कार्यक्रम में हजारों श्रद्धालुओं की भागीदारी इस भव्य आयोजन में पूर्व मुखिया संजय मिश्रा, लौरिया थाने की महिला दारोगा प्रिया रंजना सहित आसपास के गांवों से हजारों श्रद्धालु शामिल हुए। स्थानीय निवासियों के अनुसार, यह गांव में पिछला सतचंडी महायज्ञ 2012 में हुआ था।
