साली की शादी में जीजा की पीट-पीटकर हत्या:छेड़खानी का विरोध करने पर मनचलों ने अधमरा होने तक पीटा, वारदात के बाद से आरोपी फरार
पूर्णिया में साली की शादी में गए जीजा की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मर्डर का आरोप गांव के ही मनचलों पर है। जीजा ने शादी के दौरान घर की लड़कियों से हो रही छेड़खानी का विरोध किया था। इसी के बाद मनचलों ने अकेला पाकर लड़की के जीजा को अधमरा होने तक पीटा, इलाज के क्रम में जीजा की जान चली गई। घटना कटिहार जिले के बरारी थाना क्षेत्र के छोटी भसदीरा गांव की है। मारपीट का आरोप गांव के ही दो मनचलों पर है। वारदात के बाद से दोनों गांव से फरार हैं। घटना को लेकर परिजनों ने स्थानीय के.हाट थाना में लिखित शिकायत दी है। मृतक की पहचान मधुबनी थाना क्षेत्र के मेहता टोला निवासी मूसो ततमा के बेटे विकास कुमार (25) के रूप में हुई है। मृतक अपने पीछे पत्नी और दो बेटी को छोड़ गया। घटना की जानकारी देते हुए मृतक के चचेरे भाई राजन ने बताया कि 18 जून को कटिहार के बरारी थाना क्षेत्र के छोटी भसदीरा गांव में उनके भाई विकास कुमार की साली की शादी थी। विकास साली की शादी में शरीक होने पहुंचे थे। शादी वाली रात गांव के कुछ मनचले ने घर की लड़कियों के साथ छेड़खानी शुरू कर दी। बच्चियों के साथ छेड़खानी होता देख जीजा विकास कुमार ने इसका विरोध किया। इसी को लेकर विकास की मनचलों से आपसी कहासुनी और हाथापाई हुई। जिसे घर वालों की मदद से छुड़ा लिया गया। मिथिलेश शर्मा और जीतन शर्मा ने की पिटाई उसी रात अकेला पाकर मनचले विकास को सुनसान रास्ते पर ले गए। मिथिलेश शर्मा और जीतन शर्मा ने विकास को बेरहमी से पीटा। मारपीट के बाद दोनों अधमरे हाल में छोड़ भाग निकले। वहीं से गुजर रहे कुछ लोगों की नजर विकास पर पड़ी, जिसके बाद घर वाले मौके पर पहुंचे। विकास की नाजुक हालत को देखते हुए आनन फानन में पूर्णिया GMCH लाया गया, जहां इलाज के क्रम में मंगलवार को विकास की मौत हो गई। वारदात के बाद से दोनों आरोपी घर छोड़कर फरार हैं। घटना की जानकारी देते हुए के.हाट थानाध्यक्ष उदय कुमार ने बताया कि परिजनों की ओर से घटना की सूचना मिली है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए GMCH पूर्णिया भेज दिया है। परिजनों की लिखित शिकायत पर मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
