चंदौली में 19 गोवंश बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार:पश्चिम बंगाल ले जा रहे थे पशु, एक चालक फरार
चंदौली जिले के सैयदराजा थाना पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर जांच के दौरान दो पिकअप वाहनों से 19 गौवंश बरामद किए हैं। इस दौरान दो पशु तस्करों को भी मौके से गिरफ्तार किया गया। ये तस्कर गौवंश को वध के लिए पश्चिम बंगाल ले जा रहे थे। सैयदराजा थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्रा अपनी टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी बीच उन्हें सूचना मिली कि दो मालवाहक पिकअप वाहन चंदौली की तरफ से आ रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने जेठमलपुर गांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर बैरियर लगाकर वाहनों की चेकिंग शुरू की। चंदौली की तरफ से आ रहे दो सफेद पिकअप वाहनों को पुलिस ने रुकने का संकेत दिया। हालांकि, दोनों पिकअप के चालकों ने वाहन की गति तेज कर पुलिस टीम को कुचलने की कोशिश करते हुए भागने का प्रयास किया। एक पिकअप वाहन पुलिस बैरियर में टक्कर मारकर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे डिवाइडर से टकराकर रुक गया। दूसरा वाहन आगे जाकर हाईवे से बाईं ओर सर्विस लेन पर उतरकर बंद हो गया। पुलिस टीम ने अपना बचाव करते हुए घेराबंदी कर एक पिकअप वाहन के चालक और खलासी को वाहन में ही पकड़ लिया। दूसरे वाहन का चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। हिरासत में लिए गए आरोपियों की पहचान मध्य प्रदेश के मऊगंज जनपद स्थित पैपरखार गांव निवासी इख्तियार खाँ और पंकज आदिवासी के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे गौवंश को वध के लिए बेचने के उद्देश्य से पश्चिम बंगाल के पंडुआ शहर ले जा रहे थे, जहां उन्हें अच्छा मुनाफा मिलता है।



