गुरुग्राम रेलवे स्टेशन के पास मिला बुजुर्ग का शव:नहीं हुई पहचान; पुलिस ने डेडबॉडी को मॉर्च्युरी में रखवाया
गुरुग्राम में रेलवे स्टेशन के मेन गेट पर शनिवार शाम को एक बुजुर्ग का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया। प्राथमिक जांच के दौरान पुलिस का अनुमान है कि बुजुर्ग की मौत गिरने या फिर प्राकृतिक कारणों से हुई है। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस मृतक के परिजनों की तलाश कर रही है। मामले की जांच कर रहे ASI नरेश कुमार ने बताया कि शनिवार को पुलिस को स्टेशन के मेन गेट के पास एक व्यक्ति के बेसुध पड़े होने की सूचना मिली थी। जब पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की, तो वह व्यक्ति मृत अवस्था में मिला। तलाशी के दौरान मृतक के पास से ऐसा कोई दस्तावेज या सामान नहीं मिला, जिससे उसकी पहचान की जा सके। 72 घंटे के लिए शव मॉर्च्युरी में रखवाया जांच अधिकारी ने बताया कि कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को शिनाख्त के लिए मॉर्च्युरी हाउस में रखवा दिया गया है। नियमों के अनुसार अगले 72 घंटों तक शव को पहचान के लिए रखा जाएगा, जिसके बाद उसका पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।



