हरियाली तीज पर फरीदाबाद में हुआ कुश्ती मुकाबला:आसपास के कई जिलों और यूपी से आए पहलवान; एक लाख रुपए तक के हुए दंगल
फरीदाबाद जिले के तिगांव में हरियाली तीज के अवसर पर अनाज मंडी में दंगल का आयोजन किया गया। दंगल में हरियाणा और उत्तर प्रदेश सहित आसपास के कई जिलों से पहलवान पहुंचे। पहलवानों के बीच अलग-अलग मुकाबले कराए गए। कुश्ती देखने के लिए तिगांव के साथ आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग अनाज मंडी में पहुंचे। दंगल में 5,100, 11 हजार, 31 हजार से लेकर 51 हजार और 1 लाख रुपए तक के मुकाबले कराए गए। दंगल का आयोजन तिगांव की नागर पट्टी के सरपंच विक्रम प्रताप की ओर से कराया गया। सरपंच ने बताया कि गांव में हर साल हरियाली तीज के अवसर पर दंगल कराया जाता है। इसका उद्देश्य गांव की पारंपरिक खेल संस्कृति को आगे बढ़ाना और युवाओं को कुश्ती के लिए प्रोत्साहित करना है। कई जिलों और यूपी से पहुंचे पहलवान दंगल में हरियाणा के अलग-अलग जिलों के अलावा उत्तर प्रदेश से भी पहलवान पहुंचे। मुकाबलों में पहलवानों ने अपनी ताकत और कुश्ती के दांव-पेंच दिखाए। कई मुकाबले काफी रोमांचक रहे। पहलवानों के दांव देखकर दर्शकों ने तालियां बजाकर उनका उत्साह बढ़ाया। बड़ी संख्या में पहुंचे दर्शक दंगल देखने के लिए आसपास के गांवों से लोग पहुंचे। बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों में भी कुश्ती को लेकर उत्साह दिखाई दिया। ग्रामीणों ने कहा कि ऐसे आयोजनों से गांवों में आपसी भाईचारा बढ़ता है और युवाओं को अपनी पारंपरिक खेल प्रतिभा दिखाने का मौका मिलता है। इस बार खास रहा आयोजन सरपंच विक्रम प्रताप ने बताया कि इस बार हरियाली तीज और स्वतंत्रता दिवस एक ही दिन पड़ रहे हैं। ऐसे में दंगल का आयोजन और भी खास हो गया है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी गांव में इस तरह के पारंपरिक खेल आयोजन जारी रखे जाएंगे।



