अग्रोहा में चौथी कक्षा के छात्र से कुकर्म:बर्गर खिलाने के बहाने ले गया आरोपी, किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी
हिसार जिले के थाना अग्रोहा के अंतर्गत आने वाले एक गांव में एक 8 वर्षीय मासूम छात्र को बर्गर खिलाने का झांसा देकर एक युवक ने उसके साथ कुकर्म किया। पीड़ित छात्र की मां की शिकायत पर अग्रोहा थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी के खिलाफ पोक्सो एक्ट सहित भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस को दी गई शिकायत में पीड़ित बच्चे की मां ने बताया कि उसका 8 वर्षीय बेटा चौथी कक्षा का छात्र है। बीते दिनों गांव का ही सचिन (18) नामक युवक उसके बेटे को बहला-फुसलाकर और बर्गर खिलाने के बहाने अपने साथ ले गया। इसके बाद आरोपी ने मासूम के साथ कुकर्म इस घिनौनी वारदात को अंजाम दिया। किसी को बताने पर दी जान से मारने की धमकी वारदात के बाद आरोपी ने मासूम बच्चे को डराया-धमकाया और कहा कि अगर उसने इस बारे में किसी को भी बताया तो वह उसे जान से मार डालेगा। डरा-सहमा मासूम जब शाम को अपने घर लौटा, तो उसकी हालत देखकर मां को शक हुआ। मां के ढांढस बंधाने पर बच्चे ने रोते हुए अपने साथ हुई पूरी आपबीती सुनाई। इसके तुरंत बाद परिजन मासूम को लेकर थाने पहुंचे और पुलिस को शिकायत दी। आरोपी के खिलाफ केस दर्ज अग्रोहा पुलिस ने शिकायत के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 137, 351(3) और पॉक्सो (POCSO) अधिनियम की धारा 6 के तहत मामला दर्ज किया है।



