एकलव्य स्टेडियम से लापता TT खिलाड़ी:पिता बोले- अधिकारी बचा रहे आरोपियों को, पुलिस ने दर्ज की अपहरण की FIR
आगरा एकलव्य स्टेडियम के छात्रावास से 31 जुलाई से लापता राष्ट्रीय टेबल टेनिस खिलाड़ी वंश का अब तक कोई सुराग नहीं मिला है। 17 वर्षीय वंश शाहगंज के नगला छउवा का रहने वाला है और राष्ट्रीय स्तर पर टेबल टेनिस खेल चुका है। पिता का आरोप: पिटाई और जातिसूचक गाली देकर किया प्रताड़ित वंश के पिता शैलेश सिंह का आरोप है कि स्टेडियम के क्रीड़ा अधिकारी संजय शर्मा और वार्डन समेत अन्य कर्मचारियों ने उनके बेटे को प्रताड़ित किया। उन पर जातिसूचक बातें बोलकर पिटाई का भी आरोप है। अनहोनी की आशंका जताते हुए शैलेश ने नामजद तहरीर दी थी। शैलेश का कहना है कि प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए वह कई दिनों से अधिकारियों के चक्कर काट रहे थे। इस दौरान कुछ राजनैतिक लोगों ने क्रीड़ा अधिकारी का नाम हटाकर तहरीर देने का दबाव भी बनाया, लेकिन उन्होंने मना कर दिया। पुलिस: CCTV में वंश अकेले कैंट से ट्रेन में बैठा दिखा पुलिस का कहना है कि जांच में वंश कैंट स्टेशन से अकेले ट्रेन में जाता दिखाई दिया। उज्जैन स्टेशन पर भी वह हंसते हुए जाते दिखा। लापता होने के दो दिन बाद वंश ने अपने एक दोस्त को फोन भी किया था। एसीपी सदर राम प्रवेश गुप्ता के मुताबिक बीट सिपाही नीलेश ने जीडी पर सूचना दर्ज कराई थी। उसी आधार पर नाबालिग के अपहरण की धाराओं में FIR दर्ज की गई है। पुलिस इसे विधि सम्मत कार्रवाई बता रही है। आरोपियों को बचाया जा रहा,पिता जाएंगे कोर्ट शैलेश सिंह ने कहा कि पुलिस बेटे को ढूंढ नहीं पाई और उल्टा आरोपियों को बचाने का प्रयास कर रही है। वह इस मामले को न्यायालय में ले जाएंगे और मुख्यमंत्री से भी गुहार लगाएंगे। पिता ने क्रीड़ा अधिकारी और अन्य सरकारी कर्मचारियों पर SC-ST एक्ट समेत अन्य धाराओं में FIR के लिए तहरीर दी है। इसे जिलाधिकारी को भेजा गया है। अनुमति मिलने के बाद ही आगे की कार्रवाई होगी।



