10वीं-12वीं ओपन परीक्षा के लिए आवेदन कल से शुरू:30 सितंबर तक निर्धारित फीस के भर सकेंगे फॉर्म; अब 6 विषय अनिवार्य
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने मुक्त (ओपन) विद्यालय की सेकेंडरी तथा सीनियर सेकेंडरी फ्रैश कैटेगरी परीक्षा मार्च-2027 के लिए ऑनलाइन आवेदन की तिथियां निर्धारित कर दी हैं। परीक्षार्थी बोर्ड की वेबसाइट पर दिए गए लिंक से 4 सितंबर से आवेदन कर सकेंगे। बिना विलंब शुल्क आवेदन की अंतिम तिथि 30 सितंबर निर्धारित की गई है। बोर्ड अध्यक्ष शंकर लाल धूपड़ एवं सचिव दीपक बाबूलाल करवा ने बताया कि परीक्षा के इच्छुक परीक्षार्थी 4 से 30 सितंबर तक 3500 रुपए निर्धारित शुल्क के साथ ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके बाद 1 अक्टूबर से 17 अक्टूबर तक 1500 रुपए विलंब शुल्क के साथ आवेदन का अवसर मिलेगा। सीनियर सेकेंडरी में अतिरिक्त विषय की परीक्षा देने वाले परीक्षार्थियों को 400 रुपए प्रति विषय अलग से शुल्क देना होगा। आवेदन में परीक्षा माध्यम का करना होगा चयन ऑनलाइन आवेदन करते समय सभी परीक्षार्थियों को परीक्षा के माध्यम का चुनाव करना होगा। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि तकनीकी खराबी के कारण समय पर आवेदन नहीं करने पर किसी परीक्षार्थी को अतिरिक्त समय नहीं दिया जाएगा। इसलिए निर्धारित अवधि में आवेदन प्रक्रिया पूरी करना जरूरी होगा। अपना या परिजन का मोबाइल नंबर दें बोर्ड ने परीक्षार्थियों को आवेदन के दौरान मोबाइल नंबर को लेकर भी हिदायत दी है। परीक्षार्थी केवल अपना अथवा माता-पिता या भाई-बहन का मोबाइल नंबर दर्ज करें। किसी कोचिंग सेंटर या साइबर कैफे संचालक का नंबर दर्ज न करवाएं। बोर्ड की ओर से छात्रहित में जारी की जाने वाली महत्वपूर्ण सूचनाएं सीधे परीक्षार्थी तक पहुंच सकें, इसके लिए सही मोबाइल नंबर देना जरूरी है। APAAR ID और अध्ययन केंद्र जरूरी मार्च-2027 फ्रैश कैटेगरी के लिए ऑनलाइन आवेदन करते समय APAAR ID का कॉलम भरना अनिवार्य होगा। पंजीकरण के दौरान परीक्षार्थियों को अध्ययन केंद्र चुनने का विकल्प मिलेगा। पंजीकरण पूरा होने के बाद इसकी पुष्टि दी गई ई-मेल आईडी पर भेजी जाएगी। इसके बाद सभी संबंधित दस्तावेज चुने गए अध्ययन केंद्र पर जमा करवाने होंगे। हर रविवार लगानी होंगी 20 दिन कक्षाएं मुक्त विद्यालय के परीक्षार्थियों के लिए 4 सितंबर से 28 फरवरी तक प्रत्येक रविवार को चुने गए अध्ययन केंद्र पर कक्षाएं लगाना अनिवार्य होगा। इस अवधि में कुल 20 दिन कक्षाओं में उपस्थित रहना होगा। 10वीं में 6 विषय अनिवार्य बोर्ड ने शैक्षिक सत्र 2026-27 से 10वीं कक्षा के परीक्षार्थियों के लिए त्रि-भाषाई सूत्र लागू किया है। अब पहले के पांच अनिवार्य विषयों के स्थान पर छह अनिवार्य विषयों के साथ एक वैकल्पिक विषय का चयन करना होगा। बोर्ड ने कहा कि आवेदन से संबंधित सभी दिशा-निर्देश और विस्तृत जानकारी वेबसाइट पर उपलब्ध है। परीक्षार्थियों को आवेदन से पहले निर्देश ध्यानपूर्वक पढ़ने चाहिए। आवेदन तभी सफल माना जाएगा, जब पंजीकरण के साथ निर्धारित शुल्क भी बोर्ड के नामित बैंक खाते में जमा हो जाए।



