संभल में कार ने ई-रिक्शा को मारी टक्कर:ड्राइवर की मौत, यात्री घायल; मुरादाबाद के बिलारी से लौटते समय हुआ हादसा
संभल में एक तेज रफ्तार कार की टक्कर से ई-रिक्शा चालक की मौत हो गई। जबकि एक सवारी घायल हो गया। यह हादसा आगरा-मुरादाबाद हाईवे पर हुआ, जहां टक्कर इतनी भीषण थी कि ई-रिक्शा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घायल सवारी का अस्पताल में इलाज चल रहा है। यह सड़क हादसा गुरुवार शाम करीब 4 बजे जनपद संभल की तहसील चंदौसी के थाना बनियाठेर क्षेत्र के आगरा-मुरादाबाद हाईवे स्थित गांव रसूलपुर कैली के पास हुआ। मृतक की पहचान चंदौसी के मोहल्ला सीकरी गेट निवासी शिवकुमार उर्फ शिबू (30) पुत्र राकेश कुमार के रूप में हुई है, जबकि घायल का नाम सुरजीत है। शिवकुमार मुरादाबाद के बिलारी कस्बे में सामान उतारकर एक सवारी के साथ चंदौसी लौट रहे थे। तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनके ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ई-रिक्शा उछलकर दूर जा गिरा, जिससे चालक और सवारी दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलने पर डायल 112 और थाना पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। ई-रिक्शा चालक शिवकुमार की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें 5 घंटे के इलाज के बाद मुरादाबाद रेफर कर दिया गया। परिजन उन्हें बेहतर इलाज के लिए मुरादाबाद ले जा रहे थे, तभी कुंदरकी के पास उन्होंने दम तोड़ दिया। शिवकुमार की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शुक्रवार को थाना प्रभारी सचिन कुमार ने बताया कि सड़क हादसे में घायल ई-रिक्शा चालक शिवकुमार की मौत हो गई है, जबकि दूसरा व्यक्ति घायल है। पुलिस ने कार को कब्जे में ले लिया है, लेकिन उसका चालक फरार है। शव का पोस्टमार्टम शुक्रवार को किया गया।



