वीडियो शेयर करने की धमकी देकर महिला से रेप:आरोपी गिरफ्तार, 1 साल से कर रहा था ब्लैकमेल
बूंदी जिले में एक महिला को वीडियो शेयर करने की धमकी देकर रेप करने के आरोप में पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस अधीक्षक अवनीश कुमार शर्मा ने बताया कि पीड़िता ने 14 सितंबर को पीड़िता ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि आरोपी करीब 1 साल से उसे परेशान कर रहा था। मामले की जांच के बाद आरोप सही पाए जाने पर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि उसका पति सीकर में मजदूरी करता है। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने उसका आपत्तिजनक वीडियो बना लिया था। इसी वीडियो को शेयर करने की धमकी देकर वह महिला पर दबाव डालता था। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी ने धमकी देकर कई बार उसके साथ रेप किया। जब वह गर्भवती हुई, तो आरोपी ने जबरन उसका गर्भपात भी करा दिया। शिकायत के मुताबिक, 12 सितंबर को आरोपी पीड़िता के घर पहुंचा था। तभी उसका पति घर आ गया। आरोपी ने पति के साथ मारपीट की और धमकी देकर वहां से भाग गया। इसके बाद पीड़िता ने अपने परिजनों के साथ थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। थाना प्रभारी ने बताया कि शिकायत दर्ज करने के बाद पीड़िता के बयान लिए गए और जांच शुरू की गई। आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ के बाद कोर्ट में पेश किया गया। वहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।



