लखनऊ जा रहे 56 प्रधानों को पुलिस ने रोका:प्रधान संघ के ब्लॉक अध्यक्ष हाउस अरेस्ट, कार्यकाल बढ़ाने की मांग पर प्रदर्शन करने जा रहे थे
एटा के अलीगंज विकास खंड क्षेत्र से लखनऊ में प्रदर्शन में शामिल होने जा रहे 56 ग्राम प्रधानों को पुलिस ने रोक दिया। प्रधान संघ के ब्लॉक अध्यक्ष ललित मोहन मिश्रा उर्फ विष्णु को उनके पैतृक आवास पर ही हाउस अरेस्ट कर लिया गया। ग्राम प्रधान कार्यकाल बढ़ाने या अतिशीघ्र चुनाव कराने की मांग को लेकर प्रदर्शन में शामिल होने जा रहे थे। सूचना मिलते ही भारी संख्या में पुलिस बल एटा-अलीगंज मार्ग पर पहुंचा और प्रधानों से भरी बस को रोक दिया। पुलिस ने ग्राम प्रधानों को घंटों हिरासत में बैठाए रखा। इस कार्रवाई के बाद कई प्रधान अपने घरों को लौट गए। अलीगंज थाना पुलिस ने दर्जन भर प्रधानों को सिमोर पेट्रोल पंप पर रोका था। दरअसल, ग्राम प्रधानों का कार्यकाल पूरा होने के बाद गांवों में प्रशासक नियुक्त करने की सरकार की योजना का प्रदेश भर में विरोध हो रहा है। प्रधानों की मांग है कि सरकार समय रहते ग्राम प्रधानों के चुनाव संपन्न कराए या उनका कार्यकाल बढ़ाया जाए। प्रधानों का कहना है कि प्रशासक नियुक्त किए जाने से ग्राम पंचायतों में वित्तीय अनियमितताएं बढ़ेंगी और गांव के विकास कार्य बाधित होंगे। ग्राम पंचायत सिमोर के प्रधान प्रतिनिधि भानु प्रताप सिंह ने बताया कि वे ग्राम प्रधानों का कार्यकाल बढ़ाने और चुनाव करवाने की मांग कर रहे हैं। अध्यक्ष के आह्वान पर दर्जन भर प्रधान लखनऊ में आयोजित प्रदर्शन में शामिल होने जा रहे थे। उन्होंने पुलिस के साथ सहयोग करने की बात कही और बताया कि अध्यक्ष को पुलिस ने हाउस अरेस्ट किया है। पुलिस द्वारा रोके गए ग्राम प्रधानों में निर्दोष (ग्राम राया), संजय दीक्षित (ग्राम प्रधान बिछौरा), भानु प्रताप (प्रधान प्रतिनिधि सिमोर), दिलीप सिंह (अंगरैया), राजू खां (कूल्हापुर बुजुर्ग) और प्यारे मियां (अंगरैयां जमुनाई) सहित कई अन्य प्रधान शामिल थे।



