पंचकूला में हिमाचल की टीचर ने लगाया फंदा:सुसाइड नोट में पति के अफेयर का जिक्र, 2 दिन तक नहीं उठाया फोन
हरियाणा के पंचकूला में हिमाचल प्रदेश की जेबीटी टीचर ने फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया। सुसाइड के पीछे वजह यह रही कि वह अपने पति पर शक करतीं थी। मृतका के भाई देवीचंद ने जीजा के खिलाफ सुसाइड के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज करवाया है। हिमाचल के सिरमौर जिला के गांव सराह की जेबीटी टीचर अनिता फिलहाल कालका हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में किराए पर रहती थी। उनकी पोस्टिंग कालका के सटे हिमाचल के परवाणु राजकीय स्कूल में थी। मृतका का पति रघुबीर गुरुग्राम में नौकरी करता है, जबकि बेटा मामा के यहां सोलन (हिमाचल प्रदेश) गया हुआ था। फोन नहीं उठाने पर हुआ शक आईटी कंपनी में काम करने वाले पति रघुबीर ने अपने बेटे को बताया कि उसकी मां अनिता 2 दिन से उसका फोन नहीं उठा रही है। जिस पर बेटा अपने मामा के साथ कालका पहुंचा। घर का दरवाजा अंदर से बंद होने के कारण उसने सीढ़ी के सहारे कमरे में झांककर देखा, तो अनिता पंखे से फंदे पर लटकी हुई मिली। जिसके पास से एक सुसाइड नोट भी पुलिस को मिला है। सुसाइड नोट में पति के अफेयर का जिक्र महिला के कमरे से एक डायरी बरामद हुई है। डायरी में महिला ने सुसाइड नोट लिखा है। जिसमें उसने पति का किसी महिला के साथ अफेयर का जिक्र किया है। जिसके चलते वह काफी दिनों तक घर नहीं आता और वह परेशान रहती थी। पति रघुबीर के साथ मृतका की शनिवार को अंतिम बार फोन पर बात हुई थी। जब अंतिम बार बात हुई तो दोनों के बीच इसी बात को लेकर झगड़ा भी हुआ था। झगड़े के बाद ही अनिता ने फंदा लगा लिया। सीन ऑफ क्राइम टीम ने जुटाए साक्ष्य कालका थाना SHO प्रताप सिंह के अनुसार मृतका के भाई देवीचंद के बयान पर आरोपी रघुबीर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। सीन ऑफ क्राइम टीम ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए हैं। एक डायरी में सुसाइड नोट दर्ज था, उसे कब्जे में लिया गया है। जिसकी राइटिंग मैच करवाने के लिए लैब भेजा जाएगा।



