जींद में व्यापारी को किडनैप करने का प्रयास:व्यापारियों की मीटिंग; DSP बोले-आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा
जींद जिले के जुलाना में एक व्यापारी की किडनैपिंग के प्रयास के बाद स्थानीय व्यापारियों ने बैठक की। यह घटना मंगलवार सुबह करीब 6 बजे हुई थी, जिसके बाद 17 मार्च को हनुमान मंदिर में व्यापारियों ने एकजुट होकर पुलिस प्रशासन से कार्रवाई की मांग की। बैठक की अध्यक्षता करते हुए कैलाश सिंगला ने बताया कि व्यापारी सुशील की किडनैपिंग का प्रयास मंडी चौकी से कुछ ही कदमों की दूरी पर मंगलवार सुबह करीब 6 बजे किया गया था। घटना के कई दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस किसी आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर पाई है। सिंगला ने कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि मुख्य बाजार और मंडी क्षेत्र में भी व्यापारी सुरक्षित नहीं हैं। यह गंभीर चिंता का विषय है। व्यापारियों और पुलिस के बीच बंद कमरे में चर्चा बैठक में डीएसपी संदीप कुमार भी पहुंचे। उन्होंने व्यापारियों को आश्वासन दिया कि पुलिस आरोपियों को पकड़ने के करीब है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इसके बाद व्यापारियों ने डीएसपी से बंद कमरे में बातचीत की। सिंगला बोले- पुलिस पर पूरा भरोसा बंद कमरे में बातचीत के बाद बाहर आकर कैलाश सिंगला ने कहा कि उन्हें पुलिस प्रशासन पर पूरा भरोसा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि पुलिस जल्द ही आरोपियों को पकड़ लेगी। हालांकि, सिंगला ने यह भी चेतावनी दी कि यदि रविवार तक पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर पाती है, तो व्यापारी कोई कड़ा फैसला लेने पर मजबूर होंगे।



