जयपुर सेंट्रल जेल में फिर मिला मोबाइल:रूटीन चेकिंग के दौरान शौचालय के पास लावारिस हालत में मिला; लालकोठी थाने में मामला दर्ज
जयपुर के केंद्रीय कारागार जयपुर में एक बार फिर मोबाइल मिलने का मामला सामने आया है। जेल प्रशासन की ओर से इस संबंध में लालकोठी थाना में मुकदमा दर्ज करवाया गया है। जानकारी के अनुसार बुधवार शाम करीब 5:45 बजे सेंट्रल जेल में रूटीन चेकिंग के दौरान सुरक्षा प्रहरी को वार्ड नंबर-9 की बैरक नंबर-4 के पीछे बने शौचालय के पास लावारिस हालत में एक काले रंग का MTRM 26 मोबाइल फोन मिला। मोबाइल में सिम कार्ड नहीं था, जबकि बैटरी अलग से बरामद हुई। मामले में कारागृह प्रबंधक विजय सिंह ने गुरुवार को लालकोठी थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई। जेल प्रशासन की ओर से बरामद लावारिस सामग्री की फर्द जब्ती तैयार कर पुलिस को सौंप दी गई है। फिलहाल पुलिस इस बात की जांच में जुटी है कि प्रतिबंधित मोबाइल जेल परिसर तक कैसे पहुंचा और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं।



