यमुनानगर की नहर में गिरा 9 वर्षीय बच्चा:तेज बहाव में बहा; दोस्तों के साथ खेलते समय हुआ हादसा
यमुनानगर जिले के रादौर में पक्का घाट पर बुधवार शाम दोस्तों के साथ खेल रहा 9 वर्षीय बच्चा अचानक पैर फिसलने से पश्चिमी यमुना नहर में जा गिरा। साथ खेल रहे बच्चों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन नहर में पानी का बहाव तेज होने के कारण बच्चा देखते ही देखते बह गया। घटना की सूचना मिलते ही रादौर पुलिस मौके पर पहुंची और बच्चे की तलाश शुरू कर दी। रादौर थाना प्रभारी राजेश राणा पुलिस टीम के साथ पक्का घाट पर पहुंचे। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में काफी देर तक बच्चे की तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद बच्चे को नहर में खोजने के लिए गोताखोर अमर सिंह कांबोज को मौके पर बुलाया गया। गोताखोर ने देर शाम तक नहर में काफी दूर तक तलाश अभियान चलाया, लेकिन बच्चे का पता नहीं चल सका। चाचा के घर जाने की बात कहकर निकला था खेड़ा मोहल्ला निवासी राजेश कुमार ने बताया कि उसका 9 वर्षीय बेटा कृष्णा बुधवार दोपहर करीब 3 बजे अपने दो साथियों के साथ पक्का घाट पर खेलने के लिए गया था। वह घर से अपने चाचा के घर जाने की बात कहकर निकला था। इसी दौरान खेलते समय अचानक उसका पैर फिसल गया और वह नहर में गिर गया। कृष्णा को डूबता देख उसके साथ मौजूद बच्चों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन तेज बहाव के कारण वे सफल नहीं हो सके। बच्चे के नहर में गिरने के बाद उसके दोनों साथी तुरंत घर पहुंचे और परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिवार में हड़कंप मच गया और पुलिस को सूचना दी गई। दूसरी कक्षा में पढ़ता था कृष्णा परिजन और आसपास के लोग भी नहर किनारे पहुंच गए और बच्चे की तलाश में जुटे रहे। परिजनों के अनुसार कृष्णा सरकारी स्कूल रादौर में दूसरी कक्षा का छात्र है। घटना के बाद से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। थाना रादौर प्रभारी सब इंस्पेक्टर राजेश राणा ने बताया कि नहर में लापता हुए बच्चे की तलाश लगातार जारी है।



