19 साल के युवक की सड़क हादसे में मौत:दोस्त गंभीर घायल, गांव लौटते समय राजगढ़ चौराहे पर दो बाइकों की हुई थी भिड़ंत
अजमेर जिले के मांगलियावास थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में 19 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसे में उसका दोस्त भी गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने शुक्रवार को पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। केसरपुरा सरपंच शक्ति सिंह रावत ने बताया कि अर्जुनपुरा खालसा निवासी आर्यन (19) पुत्र सतीश गुरुवार शाम अजमेर से खरीददारी कर बाइक से अपने गांव लौट रहा था। उसके साथ उसका एक दोस्त भी बाइक पर सवार था। सराधना के पास राजगढ़ चौराहे पर सामने से तेज रफ्तार और रॉन्ग साइड से आ रही बाइक से उनकी आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि आर्यन बाइक से उछलकर सड़क पर जा गिरा। हादसे के बाद उसके दोस्त ने फोन कर परिजनों को सूचना दी। घायल आर्यन को एंबुलेंस की मदद से अजमेर के जेएलएन अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं हादसे में उसका दोस्त भी गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसका इलाज जारी है। मांगलियावास थाना पुलिस ने शुक्रवार को पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी कर मामले की जांच शुरू कर दी है। सरपंच के अनुसार आर्यन 12वीं तक पढ़ाई करने के बाद एक मोबाइल शॉप पर काम करता था। उसके पिता रेलवे में कर्मचारी हैं। परिवार में मां और एक छोटा भाई भी है। युवक की मौत के बाद गांव में शोक का माहौल है।



