ओमान में अयोध्या के प्रवासी मजदूर की मौत:शव वतन लाने के प्रयास तेज, विधायक ने परिजनों से मिलकर अधिकारियों से की बात
अयोध्या जनपद के रूदौली तहसील क्षेत्र के जैथरी गांव निवासी शिवकुमार निषाद (50) की खाड़ी देश ओमान में 9 जुलाई 2026 को इलाज के दौरान मृत्यु हो गई। इस सूचना के बाद उनके परिवार में शोक का माहौल है। शिवकुमार निषाद अपने पीछे पत्नी माईसा देवी, पांच बेटियां और दो बेटे छोड़ गए हैं। उनकी बड़ी बेटी की शादी हो चुकी है। परिवार में बेटे सुभाष और मुकेश के अलावा बेटियां रीमा, उमा, कल्पना और रागिनी हैं। पत्नी माईसा देवी ने बताया कि उनके पति लगभग तीन वर्ष ओमान में काम करने के बाद गांव लौटे थे और वर्ष 2024 में दोबारा रोजगार के लिए गए थे। इस वर्ष उनके घर लौटने की उम्मीद थी, लेकिन उससे पहले ही उनकी मृत्यु हो गई। शव को जल्द से जल्द वतन लाने की मांग पिता का शव भारत लाने के लिए शिवकुमार के बेटे सुभाष निषाद ने रूदौली विधायक रामचंद्र यादव से सहायता की गुहार लगाई। विधायक रामचंद्र यादव ने रविवार, 12 जुलाई को बताया कि शिवकुमार निषाद की ओमान में आकस्मिक मृत्यु हुई है परिवार से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी ली गई है। परिजनों ने बताया कि अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हुई है शिवकुमार के मालिक ने बताया था कि हार्ट अटैक आने से मौत हुई है। विधायक ने कहा कि शव को भारत लाने के लिए संबंधित अधिकारियों से बातचीत की जा रही है। जल्द ही शव को वतन लाया जाएगा। उन्होंने तहसील प्रशासन को परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक निर्देश भी दिए हैं।



