उन्नाव में डम्पर की टक्कर से युवक की मौत:पत्नी गंभीर घायल, चालक फरार; पुलिस जांच में जुटी
उन्नाव के गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत सहजनी चौराहे पर सोमवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में युवक की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद डम्पर चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। प्रत्यक्षदर्शी दीपक के अनुसार, चौराहे के पास कुछ लोग अपनी गाड़ी खड़ी कर नाश्ता कर रहे थे। तभी तेज रफ्तार से आए एक डम्पर चालक ने नियंत्रण खो दिया और खड़ी गाड़ी में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में सुभाष कुमार जायसवाल (40) निवासी अटवा चकलवंशी, थाना माखी की मौके पर ही मौत हो गई। उनकी पत्नी रत्ना जायसवाल गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें आसपास के लोगों की मदद से तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि डम्पर चालक नशे की हालत में था और अत्यधिक तेज गति से वाहन चला रहा था। टक्कर मारने के बाद वह वाहन लेकर फरार हो गया। बताया जा रहा है कि फरार डम्पर ने आगे करोवन मोड़ पर भी एक अन्य वाहन को टक्कर मारी, जिसमें एक और व्यक्ति की मौत की सूचना है। स्थानीय लोगों ने बताया कि चौराहे पर हाल ही में स्पीड ब्रेकर बनाया गया था और सड़क की स्थिति भी ठीक थी। ऐसे में हादसे का मुख्य कारण चालक की लापरवाही और नशे में वाहन चलाना माना जा रहा है। लोगों ने क्षेत्र में बढ़ती तेज रफ्तार और शराब पीकर वाहन चलाने की घटनाओं पर चिंता जताई है। घटना की सूचना पर गंगाघाट कोतवाली के इंस्पेक्टर अजय सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार चालक की तलाश में आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी चालक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



