रुद्रपुर के युवाओं को मिलेगी आधुनिक आईटी लैब की सौगात

रुद्रपुर के युवाओं को मिलेगी आधुनिक आईटी लैब की सौगात

Jul 15, 2026 - 23:28
 0
रुद्रपुर के युवाओं को मिलेगी आधुनिक आईटी लैब की सौगात

रुद्रपुर के युवाओं को मिलेगी आधुनिक आईटी लैब की सौगात

- महापौर विकस शर्मा के प्रस्ताव पर प्रभारी मंत्री ने दी हरी झंडी

- ई लाइब्रेरी में 50 कंप्यूटरों से सुसज्जित डिजिटल साक्षरता लैब स्थापित करने की पहल

रुद्रपुर। शहर के युवाओं को डिजिटल शिक्षा और तकनीकी कौशल से जोड़ने की दिशा में रुद्रपुर को जल्द ही एक बड़ी सौगात मिल सकती है। महापौर विकास शर्मा के प्रयासों से नगर निगम क्षेत्र की ई लाइब्रेरी में अत्याधुनिक आईटी एवं डिजिटल साक्षरता लैब स्थापित करने की पहल को गति मिल गई है। मंगलवार को जिले के प्रभारी एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री प्रदीप बत्रा के रुद्रपुर आगमन पर महापौर ने उन्हें इस संबंध में विस्तृत प्रस्ताव सौंपा। प्रस्ताव पर सहमति जताते हुए मंत्री ने सचिव, सूचना प्रौद्योगिकी को आवश्यक कार्यवाही के लिए लिखित निर्देश जारी कर दिए।

महापौर विकास शर्मा ने प्रस्ताव में कहा कि रुद्रपुर तेजी से विकसित हो रहा औद्योगिक शहर है, जहां बड़ी संख्या में युवा तकनीकी शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं और रोजगारपरक पाठ्यक्रमों की तैयारी कर रहे हैं। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के अनेक मेधावी छात्र कंप्यूटर और हाई स्पीड इंटरनेट जैसी मूलभूत सुविधाओं के अभाव में आधुनिक तकनीकी शिक्षा से वंचित रह जाते हैं। ऐसे में नगर निगम की ई लाइब्रेरी में अत्याधुनिक आईटी एवं डिजिटल साक्षरता लैब की स्थापना समय की आवश्यकता है।

प्रस्ताव के अनुसार लैब में 50 नवीनतम कंप्यूटर, हाई स्पीड इंटरनेट, आधुनिक फर्नीचर, सुरक्षा व्यवस्था, तकनीकी प्रशिक्षक तथा अन्य आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे। यहां युवाओं को कंप्यूटर शिक्षा, डिजिटल साक्षरता, ऑनलाइन प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, ई लर्निंग और विभिन्न रोजगारपरक प्रशिक्षण कार्यक्रमों की सुविधा मिल सकेगी।

महापौर ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड डिजिटल सशक्तिकरण की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। यह परियोजना केंद्र सरकार के डिजिटल इंडिया और स्किल इंडिया अभियान को स्थानीय स्तर पर मजबूत करेगी। इससे युवाओं का कौशल विकास होने के साथ ही उन्हें रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी प्राप्त होंगे।

सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री प्रदीप बत्रा ने प्रस्ताव का अवलोकन करने के बाद इस पहल को जनहित में महत्वपूर्ण बताते हुए सचिव, सूचना प्रौद्योगिकी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। मंत्री की लिखित संस्तुति के बाद अब इस परियोजना के स्वीकृति की प्रक्रिया तेज होने की उम्मीद है।

महापौर विकास शर्मा ने कहा कि नगर निगम युवाओं के भविष्य को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रस्ताव को शीघ्र स्वीकृति मिलने पर रुद्रपुर के छात्र-छात्राओं को महानगरों जैसी आधुनिक डिजिटल सुविधाएं अपने शहर में ही उपलब्ध होंगी, जिससे उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं और रोजगारपरक प्रशिक्षण में बड़ी सहायता मिलेगी। उन्होंने कहा कि यह परियोजना शहर के डिजिटल भविष्य की मजबूत नींव साबित होगी और रुद्रपुर के हजारों युवाओं को इसका सीधा लाभ मिलेगा।