बिहार में एनडीए की शानदार जीत पर भाजपाईयों ने मनाया जश्न
बिहार में एनडीए की शानदार जीत पर भाजपाईयों ने मनाया जश्न
बिहार में एनडीए की शानदार जीत पर भाजपाईयों ने मनाया जश्न
- प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश के विकास मॉडल पर बिहार की जनता ने लगाई मुहर
बिहार विधानसभा चुनाव में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में एनडीए को मिली ऐतिहासिक और प्रचंड जीत पर गोपालगंज जिले के भितभेरवा ग्राम पंचायत में आतिशबाजी के साथ जश्न मनाया गया। भाजपा कार्यकर्ताओं की अगुवाई में समर्थकों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया। ढोल-नगाड़ों की थाप पर कार्यकर्ता झूम उठे और आतिशबाजी के बीच ‘मोदी-मोदी’ और ‘एनडीए जिंदाबाद’ के नारे देर तक गूंजते रहे।
भितभेरवा ग्राम में आयोजित कार्यक्रम में ग्राम वासियों ने कहा कि बिहार की जनता ने एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व, उनकी नीतियों और विकास की राजनीति पर भरोसा जताया है। एनडीए की यह बड़ी जीत केवल राजनीतिक विजय नहीं है, बल्कि जनता की आकांक्षाओं, उम्मीदों और स्थिर विकास की चाहत का मजबूत संदेश है।
भाजपा समर्थित बुद्धिजीवियों ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सुशासन मॉडल और जनहितैषी नीतियों पर मिले जनसमर्थन ने यह सिद्ध कर दिया है कि बिहार की जनता अराजकता और गुंडागर्दी की राजनीति को सिरे से नकार चुकी है। लोग सुरक्षा, स्थिरता और विकास को प्राथमिकता दे रहे हैं, और यह चुनाव परिणाम उसी का स्पष्ट प्रमाण है।
भितभेरवा ग्राम के युवा कार्यकर्ताओं ने कहा कि एनडीए को मिला बहुमत कमजोर वर्गों- महिलाओं, युवाओं, किसानों, गरीबों और वंचितोंकृके सम्मान और उत्थान के लिए चलाए गए केंद्र व राज्य सरकार के अभियानों की स्वीकृति का प्रतीक है। यह जीत राष्ट्रवाद, सुरक्षा, गरीब कल्याण और विकास आधारित राजनीति की पुनर्पुष्टि है। बिहार की जनता ने जातिवाद को त्यागकर विकास और सुशासन को प्राथमिकता दी है। उन्होंने कहा कि जनादेश साफ संदेश देता है कि देश की जनता अब केवल काम, विकास और पारदर्शिता की राजनीति चाहती है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश में जिस विकास मॉडल पर कार्य किया जा रहा है, बिहार के लोगों ने उस पर अपनी मुहर लगाई है।
वहीं ग्राम वासियों ने अपने नेता सुभाष सिंह के जीत पर एक दूसरे को बधाई दी। इस दौरान उमेश सिंह ने कहा कि बिहार का चुनाव परिणाम दर्शाता है कि देश की जनता अब जातिवाद, तुष्टिकरण और भ्रष्टाचार की राजनीति को पूरी तरह ठुकरा चुकी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश एक नए युग में प्रवेश कर चुका है। बिहार की जनता ने विकास की राजनीति को स्पष्ट समर्थन दिया है और विपक्ष द्वारा फैलाए जा रहे भ्रमजाल को नकार दिया है। उन्होंने कहा कि यह जनादेश भाजपा और एनडीए के लिए ऊर्जा बढ़ाने वाला है। जनता ने सिद्ध कर दिया है कि भारत अब केवल विकास, राष्ट्रहित और स्थायी सुशासन की राह पर ही आगे बढ़ना चाहता है। बिहार का यह परिणाम आने वाले वर्षों की दिशा तय करता है।



