पार्वती नदी में मिला टीचर का शव:ड्यूटी के बाद घर लौटते समय रपट पार करते समय बह गए थे
धौलपुर जिले के मनियां थाना क्षेत्र में पार्वती नदी की रपट से लापता हुए एक सरकारी शिक्षक का शव रविवार को बरामद कर लिया गया। स्थानीय गोताखोरों, सिविल डिफेंस और पुलिस की संयुक्त टीम ने कई घंटों तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद शव को नदी से बाहर निकाला। थाना प्रभारी नीरज शर्मा ने बताया कि मृतक की पहचान सहजपुर निवासी शिक्षक शंकरलाल के रूप में हुई है। शंकरलाल शनिवार को शाहपुरा स्थित विद्यालय से ड्यूटी पूरी कर बाइक से अपने घर लौट रहे थे। रांडोली स्थित पार्वती नदी की रपट पार करते समय वे तेज बहाव की चपेट में आ गए थे। रपट पर मिले थे बाइक और मोबाइल घटना के बाद उनकी बाइक और मोबाइल फोन रपट पर लावारिस हालत में मिले थे। इसके आधार पर पुलिस ने तत्काल नदी में तलाश अभियान शुरू किया था। रविवार को चलाए गए सर्च ऑपरेशन के दौरान ही शिक्षक का शव बरामद हुआ। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया। पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।



