जाखल नपा अध्यक्ष के भाजपा में शामिल होने के संकेत:कांग्रेस के समर्थन से जीत की हासिल; बराला का लेंगे आशीर्वाद
फतेहाबाद जिले के जाखल नगर पालिका के अध्यक्ष विकास कामरा ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल होने के संकेत दिए हैं। कामरा ने हाल ही में हुए नगर पालिका चुनाव में कांग्रेस के समर्थन से एक आजाद उम्मीदवार के रूप में जीत हासिल की थी। उन्होंने गुरुवार को आयोजित मार्केट कमेटी के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के शपथ ग्रहण कार्यक्रम के दौरान दिए। बराला का आशीर्वाद लेने जा रहे इस अवसर पर विकास कामरा ने भाजपा के राज्यसभा सांसद सुभाष बराला के कार्यों की प्रशंसा की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि जाखल के विकास के लिए वे सुभाष बराला का आशीर्वाद लेने जा रहे हैं। कामरा ने बताया कि वे पहले भी वर्ष 2014 और 2019 में सुभाष बराला का समर्थन कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि जाखल की जनता ने उन्हें चुना है और वे शहर के विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं। विकास की दिशा में बढ़ाया कदम नपा अध्यक्ष ने कहा कि बराला से उनकी दो से तीन मुलाकातें हो चुकी हैं और जल्द ही जाखल मंडी को विकास की दिशा में आगे बढ़ाया जाएगा। कुछ लोगों द्वारा काम न होने की अफवाहों पर उन्होंने कहा कि शहर के काम खुद बोलेंगे। शहर में राजनीतिक चर्चाएं तेज गौरतलब है कि मार्च में हुए नगरपालिका चुनाव में विकास कामरा ने भाजपा प्रत्याशी सुरेंद्र मित्तल को हराकर अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की थी। उस समय भाजपा प्रत्याशी के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने स्वयं जाखल पहुंचकर वोटों की अपील की थी। विकास कामरा के भाजपा में जाने की अटकलों से शहर में राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि नपा अध्यक्ष कब तक औपचारिक रूप से भाजपा का दामन थामते हैं।



