चोपदार बोले- नीट पेपर लीक में भाजपा की भूमिका संदिग्ध:बड़ी मछलियों को बचा रही सरकार, महंगाई से जनता परेशान
राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेशाध्यक्ष एमडी चोपदार ने कहा कि देश में बढ़ रही पेट्रोल डीजल और गैस कीमतों ने आमजन की कमर तोड़ दी है। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार पर भी जमकर निशाना साधा। चोपदार रविवार को जालौर दौरे के दौरान शहर राजीव गांधी भवन में रविवार को प्रेस वार्ता को संबोधित किया। उन्होंने आरोप लगाया कि नीट परीक्षा का पेपर लीक होने से लाखों विद्यार्थियों का भविष्य अंधकार में चला गया, लेकिन सरकार दोषियों पर कार्रवाई करने के बजाय बड़ी मछलियों को बचाने में लगी हुई है। चोपदार ने कहा कि नीट पेपर लीक मामले में भाजपा के बड़े नेताओं की भूमिका सामने आ रही है, लेकिन सरकार अब तक मुख्य आरोपियों तक नहीं पहुंच पाई है। उन्होंने कहा कि देशभर में छात्रों और अभिभावकों में भारी आक्रोश है, इसके बावजूद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से इस मुद्दे पर कोई प्रतिक्रिया नहीं आना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने राज्य सरकार को भी निशाने पर लेते हुए कहा कि प्रदेश में ‘भाजपा की पर्ची सरकार’ पंचायत राज और नगर निकाय चुनाव समय पर नहीं करवाकर लोकतंत्र के साथ छलावा कर रही है। जनता को उनके अधिकारों से वंचित किया जा रहा है। चोपदार ने बढ़ती महंगाई का मुद्दा उठाते हुए कहा कि एक सप्ताह में तीन बार पेट्रोल और डीजल की कीमतें बढ़ाकर आम आदमी की कमर तोड़ दी गई है। लगातार बढ़ती महंगाई से जनता परेशान है, लेकिन सरकार जनता की समस्याओं से पूरी तरह बेखबर बनी हुई है। इस दौरान पूर्व राज्यमंत्री पुखराज पाराशर, जिला अध्यक्ष ज़ाकिर अली रंगरेज़ सहित कांग्रेस के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद थे। वहीं प्रदेशाध्यक्ष के जालोर पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने फूल मालाओं से स्वागत किया। पहली बार जालोर पहुंचने पर कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा गया। इसके साथ ही उन्होंने राजीव गांधी भवन में कार्यकर्ता के साथ बैठक में भाग लिया।



