आमेर घाटी में फिर तेज़ रफ्तार बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत:दो युवक गंभीर घायल, CCTV में कैद हुई टक्कर; दोनों का SMS हॉस्पिटल में इलाज जारी
राजधानी जयपुर की आमेर घाटी में एक बार फिर तेज़ रफ्तार का कहर देखने को मिला। यहां बुधवार सुबह करीब साढ़े 6 बजे दो तेज़ रफ्तार मोटरसाइकिलों की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों ने तुरंत पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में जयपुर के एसएमएस हॉस्पिटल रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जारी है। इस पूरे हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें दोनों बाइकें तेज़ गति से आती हुई दिखाई दे रही हैं और कुछ ही सेकंड में जोरदार टक्कर हो जाती है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना स्थल का निरीक्षण किया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हादसे के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर तेज़ रफ्तार को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। प्रत्यदर्शी दरगाह घाटी वाले बाबा मुतावल्ली युनुस खान ने बताया कि यहां कुछ दिन पहले ही हादसा हुआ था जिसमें तीन लड़के गाड़ी की टक्कर के बाद हवा में उछले थे, उस हादसे में एक की मौत हो गई थी। फिर आज सुबह यहां हादसा देखने को मिला। दो मोटर साइकिल आपस में टकरा गई। जिसके बाद ही दोनों बाइक चालक घायल हो गए। उन्होंने कहा- जब तक यहां स्पीड ब्रेकर नहीं बनेंगा, तब तक हादसे नहीं रूकेंगे। यहां 7 दिन के अंदर-अंदर ये चौथा हादसा है। उन्होंने हादसे रोकने के लिए प्रशासन से स्पीड ब्रेकर लगवाने की गुहार लगाई। बतादें कि यहीं परियों के बाग के पास 5 दिन पहले शाम साढे़ 7 बजे हादसा हुआ। सामने से आ रही एक कार ने स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी सवार एक युवक की मौत हो गई। वहीं दो अन्य युवक घायल हो गए थे।



