अयोध्या पुलिस ने छेड़छाड़ के मामले में केस दर्ज:न्यायालय के आदेश पर घर में घुसकर मारपीट छेड़छाड़ के मामले में तीन लोगों पर केस दर्ज
अयोध्या के पुलिस चौकी शाहगंज क्षेत्र के एक गांव में एक महिला के घर में घुसकर मारपीट और छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर इस मामले में केस दर्ज किया है। आरोपी युवक के साथ घटना में शामिल उसकी पत्नी और मां पर भी मारपीट का मुकदमा दर्ज किया गया है। पीड़ित महिला ने एसीजेएम तृतीय की अदालत में अर्जी दी थी। अर्जी के मुताबिक, यह घटना 22 अक्टूबर 2025 को हुई थी। आरोपी संजय कुमार शराब के नशे में गाली-गलौज कर रहा था। महिला द्वारा विरोध करने पर उसने उसे धक्का देकर गिरा दिया। महिला किसी तरह अपने घर के अंदर भागी, लेकिन संजय भी उसके पीछे घर में घुस गया। घर में घुसकर उसने महिला के साथ छेड़खानी की और शराब के नशे में जोर-जोर से चिल्लाने लगा। इसके बाद संजय की पत्नी और मां भी लाठी-डंडा लेकर मौके पर पहुंचीं और महिला के साथ मारपीट शुरू कर दी। मारपीट के दौरान आरोपियों ने महिला के गले से मंगलसूत्र भी छीन लिया। पीड़ित महिला ने घटना के लिखित शिकायत स्थानीय पुलिस को दिया था लेकिन पुलिस ने जब कोई कार्यवाही नहीं की तो उसने न्यायालय का सहारा लिया। न्यायालय के निर्देश पर थाना इनायतनगर पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है।



