डीएम-एसपी ने मेंहदावल में होली सुरक्षा का लिया जायजा:एसपी ने कहा- नई परंपरा न शुरू हो, हर छोटी घटना पर तुरंत कार्रवाई करें
संतकबीरनगर जिले में आगामी होली और रमजान त्योहारों के मद्देनजर जिलाधिकारी आलोक कुमार और पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मेंहदावल थाना क्षेत्र के कस्बा मेंहदावल और पक्कापोखरा मंदिर के विभिन्न इलाकों में पैदल गश्त की। पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि त्योहारों के दौरान कोई नई परंपरा शुरू न की जाए। उन्होंने सीओ और एसओ को हर छोटी घटना पर तुरंत कार्रवाई करने के लिए कहा, साथ ही चेतावनी दी कि किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों ने होलिका दहन स्थलों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने ग्रामीणों और क्षेत्रवासियों से होली के त्योहारों को परंपरागत और शांतिपूर्ण ढंग से मनाने का आह्वान किया। यह भी स्पष्ट किया गया कि त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की नई व्यवस्था या परंपरा की शुरुआत न की जाए। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की। उन्होंने चेतावनी दी कि सुरक्षा और शांति व्यवस्था में बाधा डालने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। गश्त के दौरान उपजिलाधिकारी मेंहदावल, क्षेत्राधिकारी मेंहदावल सर्व दवन सिंह, थानाध्यक्ष मेंहदावल सुरेंद्र कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक पीआरओ पी के गुप्ता सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।



