Indian Coast Guard की बड़ी कार्रवाई, भारतीय समुद्री सीमा में घुसी पाकिस्तानी नाव जब्त, 9 क्रू सदस्य हिरासत में

भारतीय तटरक्षक बल (ICG) ने गुरुवार को बताया कि भारतीय जलक्षेत्र में अवैध रूप से प्रवेश करने की कोशिश कर रही एक पाकिस्तानी नाव को 9 क्रू सदस्यों के साथ जब्त कर लिया गया है। यह कार्रवाई बुधवार, 14 जनवरी को अंतरराष्ट्रीय समुद्री सीमा रेखा (IMBL) के पास ...

Jan 16, 2026 - 11:40
 0
Indian Coast Guard की बड़ी कार्रवाई, भारतीय समुद्री सीमा में घुसी पाकिस्तानी नाव जब्त, 9 क्रू सदस्य हिरासत में

भारतीय तटरक्षक बल (ICG) ने गुरुवार को बताया कि भारतीय जलक्षेत्र में अवैध रूप से प्रवेश करने की कोशिश कर रही एक पाकिस्तानी नाव को 9 क्रू सदस्यों के साथ जब्त कर लिया गया है। यह कार्रवाई बुधवार, 14 जनवरी को अंतरराष्ट्रीय समुद्री सीमा रेखा (IMBL) के पास की गई। पकड़ी गई नाव को फिलहाल पोरबंदर लाया जा रहा है।

 

तो चालक दल भागने लगा

तटरक्षक बल के अधिकारियों के अनुसार, जब पाकिस्तानी नाव को रुकने की चुनौती दी गई, तो चालक दल ने भागने का प्रयास किया। हालांकि, अरब सागर में मुस्तैद भारतीय जवानों ने घेराबंदी कर नाव को कब्जे में ले लिया और सभी सदस्यों को हिरासत में ले लिया।

 

भारतीय तटरक्षक बल ने अपने आधिकारिक बयान में कहा

नाव को आईसीजी (ICG) जहाज द्वारा गहन तलाशी और संबंधित एजेंसियों द्वारा संयुक्त पूछताछ के लिए पोरबंदर ले जाया जा रहा है। यह ऑपरेशन निरंतर सतर्कता और कानून प्रवर्तन के माध्यम से भारत की समुद्री सीमाओं को सुरक्षित रखने की हमारी अटूट प्रतिबद्धता को पुष्ट करता है।

 

लगातार जारी है घुसपैठ की कोशिशें

यह पहली बार नहीं है जब पाकिस्तानी घुसपैठियों को पकड़ा गया है। पिछले साल दिसंबर में भी तटरक्षक बल ने भारत के विशेष आर्थिक क्षेत्र (EEZ) के भीतर एक पाकिस्तानी मछली पकड़ने वाली नाव को पकड़ा था, जिसमें 11 क्रू सदस्य सवार थे। उन सभी को बाद में आगे की जांच के लिए गुजरात की जखाऊ मरीन पुलिस को सौंप दिया गया था।

तनाव के बीच हाईअलर्ट पर भारतीय सेना

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में पिछले साल हुए भीषण आतंकी हमले के बाद से भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव चरम पर है। उस हमले में 26 लोगों की जान गई थी, जिनमें अधिकांश पर्यटक थे। इसके जवाब में भारत ने 'ऑपरेशन सिंदूर' शुरू किया था। तब से भारतीय सेना और तटरक्षक बल जल और थल दोनों सीमाओं पर हाई अलर्ट पर हैं।

 

हाल ही में जम्मू-कश्मीर में नियंत्रण रेखा (LoC) के पास कई संदिग्ध ड्रोन भी देखे गए थे, जिसके बाद दोनों देशों के सैन्य संचालन महानिदेशक (DGMO) के बीच बैठक हुई थी। भारतीय थल सेनाध्यक्ष जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने पाकिस्तान को किसी भी दुस्साहस के खिलाफ कड़े परिणामों की चेतावनी दी है। शीर्ष नेतृत्व ने यह भी स्पष्ट कर दिया है कि 'ऑपरेशन सिंदूर' केवल रुका है और जरूरत पड़ने पर इसे दोबारा शुरू किया जा सकता है। Edited by : Sudhir Sharma