हांसी पुलिस ने अरेस्ट किए दो बाइक चोर:बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल पर भाग रहे, हिसार से चुराई, चेसिस नंबर से हुआ खुलासा
हांसी में सीआईए-1 की टीम ने वाहन चेकिंग के दौरान चोरी की बाइक समेत दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल भी बरामद की। जांच में पता चला कि यह बरामद बाइक 11 सितंबर को हिसार के आजाद नगर थाने में चोरी होने की शिकायत दर्ज हुई थी। अपराध शाखा हांसी में तैनात एसआई राजेश कुमार ने बताया कि पुलिस टीम बस स्टैंड गगनखेड़ी के पास वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान नारनौंद की तरफ से हांसी की ओर बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल पर दो युवक आते दिखे। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, तो दोनों बाइक मोड़कर भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा कर उन्हें पकड़ लिया। पुलिस द्वारा मांगने पर नहीं दिखा सके बाइक के दस्तावेज पूछताछ में मोटरसाइकिल चला रहे युवक ने अपना नाम अंकित निवासी माजरा बताया। पीछे बैठे युवक ने अपना नाम सेठी उर्फ देवा निवासी माजरा बताया। मोटरसाइकिल के दस्तावेज मांगने पर दोनों कोई सही जवाब नहीं दे पाए। पुलिस ने मोटरसाइकिल के चेसिस और इंजन नंबर की जांच की। इसमें पता चला कि यह बाइक चोरी की है। इसके मालिक ने 11 सितंबर को हिसार के आजाद नगर थाने में चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। एफआईआर में दर्ज इंजन और चेसिस नंबर बरामद बाइक से मिल गए। पुलिस ने मोटरसाइकिल जब्त कर दोनों आरोपियों के खिलाफ सदर थाना हांसी में चोरी का केस दर्ज किया है। मामले की आगे की जांच जारी है।



