सीएम की घोषणाओं को धरातल पर उतारने की कवायद तेज
सीएम की घोषणाओं को धरातल पर उतारने की कवायद तेज
सीएम की घोषणाओं को धरातल पर उतारने की कवायद तेज
- महापौर ने अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक,
- जल्द डीपीआर शासन को भेजने के दिए निर्देश
रूद्रपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा रूद्रपुर शहर के विकास के लिए की गई महत्वाकांक्षी घोषणाओं को तेजी से धरातल पर उतारने की दिशा में प्रशासन ने कवायद तेज कर दी हैं। शुक्रवार को महापौर विकास शर्मा ने मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, लोक निर्माण विभाग, नगर निगम तथा प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर विभिन्न विकास परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में मुख्यमंत्री की घोषणाओं के अंतर्गत शामिल योजनाओं की विस्तृत चर्चा करते हुए संबंधित अधिकारियों को उनकी विस्तृत परियोजना रिपोर्ट शीघ्र तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए गए।
बैठक में गंगापुर रोड के चौड़ीकरण, अटरिया मोड़ से आदर्श कॉलोनी तक प्रस्तावित मिनी बाईपास, डिजिटल लाइब्रेरी की स्थापना, भूरारानी मार्ग के चौड़ीकरण सहित शहर की कई महत्वपूर्ण विकास योजनाओं पर विस्तार से मंथन किया गया। महापौर ने कहा कि इन सभी परियोजनाओं की डीपीआर तैयार कर प्राथमिकता के आधार पर शासन को भेजी जाए, ताकि वित्तीय स्वीकृति मिलने के बाद निर्माण कार्य जल्द शुरू हो सके।
इसके अलावा बगवाड़ा से फुलसुंगी जाने वाले मार्ग की मरम्मत, ग्रामीण क्षेत्रों की जर्जर सड़कों के पुनर्निर्माण तथा अन्य अधोसंरचना संबंधी कार्यों पर भी अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। महापौर ने कहा कि शहरी क्षेत्रों के साथ साथ ग्रामीण संपर्क मार्गों का सुदृढ़ होना भी विकास के लिए आवश्यक है और इन कार्यों में किसी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जानी चाहिए।
महापौर विकास शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा रूद्रपुर के लिए की गई विकास संबंधी घोषणाएं शहर के भविष्य को नई दिशा देंगी। उन्होंने कहा कि अटरिया मोड़ से आदर्श कॉलोनी तक बनने वाला मिनी बाईपास शहर के यातायात तंत्र के लिए मील का पत्थर साबित होगा। इसके निर्माण से शहर के मुख्य मार्गों पर यातायात का दबाव कम होगा, जाम की समस्या में राहत मिलेगी और हजारों लोगों को सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि यह मार्ग रूद्रपुर की नई लाइफ लाइन के रूप में विकसित होगा।
महापौर ने कहा कि गंगापुर रोड के चौड़ीकरण से इस मार्ग पर लंबे समय से बनी हुई जाम की समस्या का समाधान होगा। इस सड़क से जुड़े सैकड़ों आवासीय क्षेत्रों और हजारों नागरिकों को बेहतर यातायात सुविधा मिलेगी, जिससे क्षेत्र के विकास को भी नई गति प्राप्त होगी। वहीं डिजिटल लाइब्रेरी जैसी परियोजनाएं युवाओं और विद्यार्थियों के लिए आधुनिक अध्ययन संसाधन उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होंगी।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का रूद्रपुर को लगातार विशेष सहयोग और मार्गदर्शन मिल रहा है। उनके नेतृत्व में शहर के लिए कई बड़ी विकास परियोजनाएं स्वीकृत हुई हैं और आने वाले समय में इनके धरातल पर उतरने से रूद्रपुर विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा। महापौर ने अधिकारियों से सभी परियोजनाओं में समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने और आपसी समन्वय के साथ कार्यों को आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।



