साथ रहने से मना करने पर पत्नी को लगाई आग:मारपीट करने पर मायके में रह रही थी, दो दिन पहले गलती मानकर बुलाने गया था
बाबूपुरवा में पत्नी के साथ रहने से इंकार करने पर पति ने उस पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा दी। गंभीर रुप से झुलसी महिला को पड़ोसियों ने पुलिस की मदद से हैलट अस्पताल में भर्ती कराया। घटना के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया। बेटे को साथ लेकर चला गया था बाबूपुरवा निवासी गुलफशां का निकाह पांच वर्ष पहले बेगमपुरवा के हसीनों की गली में रहने वाले शीबू से हुआ था। दोनों का एक पांच वर्षीय बेटा अशान भी है। गुलफशां की विधवा बहन सलमा ने बताया कि शीबू अक्सर उनकी बहन के साथ मारपीट करता था। करीब पांच महीने पहले वह गुलफशां को छोड़कर चला गया था और बेटे को भी अपने साथ ले गया था, तभी से गुलफशां मायके में रह रही थी। दो दिन पहले शीबू लौटा और गुलफशां को अपने साथ ले जाने की बात कही। उसने अपनी गलती मानते हुए साथ में ठीक से रहने का भरोसा भी दिया, लेकिन इसके बावजूद गुलफशां ने साथ रहने से इंकार कर दिया था। इसी बात से नाराज शीबू शुक्रवार दोपहर जुम्मे की नमाज के दौरान घर पहुंचा। आरोपी के खिलाफ दर्ज हुआ मुकदमा गुलफशां अकेली थी, तभी शीबू उस पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा दी। आग की लपटों में घिरी गुलफशां की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह आग बुझाई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस से उसे हैलट अस्पताल पहुंचाया। बाबूपुरवा थाना प्रभारी अरुण कुमार द्विवेदी ने बताया कि पति के घटना को अंजाम देने की बात सामने आई है, अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार करके जेल भेजा जाएगा।



