शादी के डेढ़ साल बाद विवाहिता ने की आत्महत्या:मुरादाबाद में पति से झगड़े के बाद खाया जहर, मायके पक्ष ने पति और ससुराल पक्ष पर लगाया हत्या का आरोप
मुरादाबाद के कटघर थाना क्षेत्र में 22 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में जहर खाने से मौत हो गई। परिजनों ने उसे गंभीर हालत में एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। घटना के बाद मायके पक्ष ने पति और ससुराल वालों पर जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए पुलिस से कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। डेढ़ साल पहले हुई थी शादी पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान पिंकी निवासी बलदेवपुरी, थाना कटघर के रूप में हुई है। उसकी शादी करीब डेढ़ वर्ष पहले हृदयपुर गांव निवासी युवक से हुई थी। पिंकी की करीब एक साल वर्षीय बेटी भी है। घटना के बाद मासूम बच्ची से मां का साया उठ जाने से परिवार में मातम पसरा हुआ है। पति से विवाद के बाद बिगड़ी तबीयत प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सोमवार को किसी बात को लेकर पिंकी और उसके पति के बीच विवाद हुआ था। इसके कुछ समय बाद पिंकी ने जहरीला पदार्थ खा लिया, जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई। परिजन उसे तत्काल निजी अस्पताल ले गए, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। भाई ने लगाए गंभीर आरोप मृतका के भाई ने आरोप लगाया कि उसकी बहन को ससुराल पक्ष लंबे समय से प्रताड़ित कर रहा था। उसने पति और अन्य ससुरालियों पर जहर खिलाकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पोस्टमार्टम में जहर की पुष्टि पुलिस अधीक्षक नगर कुमार रण विजय सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में जहर के सेवन से मौत होने की पुष्टि हुई है। पुलिस सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, परिजनों के आरोपों और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।



