युवक गोरखपुर एक्सप्रेस से रेलवे का सामान लेकर कूदा:ग्रामीणों की सतर्कता से पकड़ा गया, चादर और तकिया कवर बरामद
पीलीभीत में गोरखपुर एक्सप्रेस से रेलवे का सामान चोरी कर चलती ट्रेन से कूदने वाले एक युवक को ग्रामीणों और पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पास से एसी कोच की चादरें, तकिया कवर और टेबल लिनेन बरामद हुए हैं। पुलिस ने उसे रेलवे सुरक्षा बल (जीआरपी) के हवाले कर दिया है। यह घटना शनिवार रात करीब 8:00 बजे की है। मोहल्ला रजागंज निवासी गुलफाम पुत्र मोहम्मद मियां दुधिया खुर्द स्टेशन और कुर्रेया खुर्द कलां हाल्ट के बीच जंगल के पास गोरखपुर एक्सप्रेस के एसी कोच से रेलवे के कपड़ों (चादर, तकिया कवर और टेबल लिनेन) से भरा एक बड़ा थैला लेकर चलती ट्रेन से कूद गया। युवक को ट्रेन से कूदते देख पास के खेतों और रास्ते में मौजूद ग्रामीण मदद के लिए दौड़े। जब ग्रामीणों ने युवक को संभाला और उसके पास मौजूद संदिग्ध थैले को खोला, तो उसमें रेलवे का आधिकारिक सामान भरा हुआ था। चोरी का अंदेशा होने पर ग्रामीणों ने तुरंत डायल-112 को सूचना दी। सूचना मिलते ही पीआरबी-112 चौकी सुल्तानपुर की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया। स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की सराहना की है। जीआरपी थानाध्यक्ष ओम सिंह के अनुसार, "मामला हमारे संज्ञान में आ चुका है। आरोपी युवक और बरामद सामान को जीआरपी के सुपुर्द कर दिया गया है। पुलिस इस बात की गहनता से जांच कर रही है कि युवक ने ट्रेन के भीतर से यह सामान कैसे चुराया और क्या इस घटना में रेलवे के किसी कर्मचारी या किसी अन्य बाहरी गिरोह का हाथ है। आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।"



