मासूम ने कोल्डड्रिंक समझकर पी कीटनाशक दवा:तबीयत बिगड़ने पर मेडिकल कॉलेज लाए, पीआईसीयू वार्ड में भर्ती
बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र के पट्टी नयागांव में रविवार देर शाम एक ढाई वर्षीय मासूम ने कोल्ड ड्रिंक समझकर कीटनाशक दवा पी ली। बच्चे की तबीयत बिगड़ने पर उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। अयांश नाम के इस बच्चे के पिता अमित ने बताया कि उनका ढाई वर्षीय पुत्र कोल्ड ड्रिंक की बोतल में रखी कीटनाशक दवा पी गया। अमित ने जानकारी दी कि उनके गांव के पास एक पोल्ट्री फार्म है, जिसके कारण पूरे गांव में मक्खियों की समस्या रहती है। मक्खियों से निजात पाने के लिए वे घर में कीटनाशक दवा लाए थे। उन्होंने इस दवा को कोल्ड ड्रिंक की बोतल में पानी मिलाकर रखा था। अयांश ने इसी बोतल को कोल्ड ड्रिंक समझकर पी लिया, जिसके बाद उसे उल्टियां आने लगीं और उसकी तबीयत बिगड़ गई। परिजन तुरंत अयांश को मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां उसे पीआईसीयू वार्ड में भर्ती किया गया है। डॉक्टरों के अनुसार, बच्चे की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है।



