भिवानी में केमिकल से भरे टैंकर में लगी आग:गुजरात से सोनीपत जा रहा, अचानक पलटा, रेहड़ी और खोखे में भी आए चपेट में
भिवानी में रविवार सुबह केमिकल से भरे एक टैंकर में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने आसपास की रेहड़ियां व खोखे को भी अपनी चपेट में ले लिया। मौके पर फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को बुलाया गया। इधर, सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जानकारी के अनुसार टैंकर में केमिकल भरा हुआ था और वह गुजरात से सोनीपत जा रहा था। इसी दौरान बहल के राजगढ़ रोड पर रात के समय वह पलट गया। जिसके बाद टैंकर में आग लग गई। धीरे-धीरे रिसने लगा केमिकल जानकारी के अनुसार टैंकर में ज्वलनशील केमिकल भरा हुआ था। जो रात को बहल में पलट गया था। जिसका रात में धीरे-धीरे रिसाव हुआ। रिसाव के बाद रसायन गंदे पानी के नाले में पहुंच गया। नाले के रास्ते सुरपुरा रोड की तरफ किसी कारण से रसायन में आग लग गई। आग नाले के रास्ते टैंकर तक पहुंची और देखते ही देखते टैंकर आग की चपेट में आ गया। बाइक को बचाने के प्रयास में पलटा बहल में रात के समय पलटा टैंकर गुजरात से सोनीपत जा रहा था। आग इतनी तेजी से फैली कि इसकी चपेट में पास में लगी रेहड़ियां और कई दुकानें भी आ गईं। जिससे काफी नुकसान हुआ है। आग पर काबू पाने के लिए फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर बुलाई गई। प्रशासन और पुलिस की टीम ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया। बताया जा रहा है कि रात में एक बाइक सवार को बचाने के प्रयास में पलट गया था। हादसे में ड्राइवर के पैर में चोट आई थी, जिसे रात में ही उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। भिवानी-हिसार से मंगवाई फायर ब्रिगेड बहल में टैंकर में आग लगने के बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ियां हिसार व भिवानी से बुलानी पड़ी। पुलिस के अनुसार आग पर काबू पाने के लिए कुल 6 फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंची। जो भिवानी, लोहारू, सिवानी व हिसार से बुलाई गई थी। वहीं आग लगने के सूचना मिलते ही लोहारू के एसडीएम मनोज दलाल भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। टैंकर की आग ने रेहड़ी व खोखे को भी लिया चपेट में बहल थाना एसएचओ उग्रसेन ने बताया कि रात के समय टैंकर बहल में पलट गया था, जिसमें केमिकल भरा हुआ था। जिसके कारण उसके केमिकल का रिसाव हो गया और साथ में नाले में केमिकल गिर गया। वहीं नाले में आग लगने के कारण वह आग टैंकर तक पहुंच गई। जिसकी आग ने साथ की रेहड़ी व खोखे को भी चपेट में ले गया। हालांकि आग की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। वहीं फायरब्रिगेड की गाड़ियों को भी बुलाया गया।



