बांसवाड़ा में आज साढ़े 6 घंटे तक बिजली बंद:सुबह 9:30 से शाम 4 बजे तक रहेगा शटडाउन, जानें कौन-कौनसे इलाके होंगे प्रभावित
बांसवाड़ा के बड़े हिस्से में रहने वाले बिजली उपभोक्ताओं के लिए आज का दिन परेशानी भरा रह सकता है। मानसून की दस्तक से पहले बिजली व्यवस्था को मजबूत और सुचारू बनाने के लिए बिजली विभाग ने बड़े स्तर पर प्री-मानसून मेंटेनेंस का काम शुरू किया है। इसके तहत मंगलवार को सुबह 9:30 बजे से शाम 4 बजे तक बिजली सप्लाई पूरी तरह बंद रहेगी। इस दौरान कूपड़ा फीडर से जुड़े कई रिहायशी और व्यावसायिक इलाकों में करीब साढ़े छह घंटे तक बिजली गुल रहेगी। कूपड़ा फीडर पर होगा मेंटेनेंस कार्य विद्युत डिस्कॉम के अधिकारियों के अनुसार कूपड़ा फीडर पर पेड़ों की छंटाई, ढीले तारों को कसने और ट्रांसफार्मर की जांच का काम किया जाएगा। बिजली तंत्र को मानसून से पहले बेहतर बनाने के लिए यह काम जरूरी बताया गया है। इन इलाकों में रहेगी बिजली बंद इस लंबी कटौती के कारण मुख्य रूप से कूपड़ा, सत्यम कॉलोनी, चित्रा डूंगरी और सिद्धि विनायक कॉलोनी सहित आसपास के सभी रिहायशी और व्यावसायिक इलाकों में बिजली सप्लाई बंद रहेगी। उपभोक्ताओं से पहले जरूरी काम निपटाने की अपील विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि भीषण गर्मी और उमस के मौसम में लगातार साढ़े छह घंटे बिजली नहीं रहने से आम जनजीवन प्रभावित हो सकता है। ऐसे में कूपड़ा फीडर से जुड़े सभी उपभोक्ता पानी भरने, इन्वर्टर चार्ज करने और मोबाइल चार्ज करने जैसे जरूरी काम सुबह 9:30 बजे से पहले ही पूरे कर लें, ताकि बिजली बंद रहने के दौरान किसी बड़ी परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। विभाग ने बताया कि मेंटेनेंस का काम पूरा होते ही बिजली सप्लाई फिर से शुरू कर दी जाएगी।



