छोटे भाई की मौत होते ही बड़े ने तोड़ा दम:कोटा में दो भाइयों की एक साथ निकली अर्थी; एक ही चिता पर अंतिम संस्कार
कोटा में छोटे भाई की मौत की खबर सुनते ही बड़े भाई ने भी दम तोड़ दिया। दोनों भाइयों का एक ही चिता पर अंतिम संस्कार हुआ। कोटा शहर के बोरखेड़ा में रहने वाले दुर्गालाल कुशवाह (75) लंबे समय से अस्वस्थ थे। दुर्गालाल की रविवार सुबह मौत हो गई। परिजन उन्हें एमबीएस अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। दुर्गालाल की मौत की सूचना परिवार के सदस्यों को दी गई। वहीं दुर्गालाल के बड़े भाई गोपाल कुशवाह (80) उस समय घर में बेड पर आराम कर रहे थे। परिजनों के अनुसार- छोटे भाई की मौत की खबर सुनने के कुछ ही देर बाद गोपाल कुशवाह ने भी दम तोड़ दिया। परिजन उन्हें संजीवनी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें भी मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिवार में गम का माहौल और गहरा गया। दोनों भाइयों की अर्थियां एक साथ घर से निकाली गईं। अंतिम विदाई में परिवार हुआ भावुक परिवार के शिवराज कुशवाह ने बताया- दोनों भाइयों दुर्गालाल कुशवाह और गोपाल कुशवाह के बीच गहरा लगाव था। एक साथ अंतिम विदाई ने पूरे परिवार को भावुक कर दिया। बोरखेड़ा मुक्तिधाम में दोनों का एक ही चिता पर अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में परिजन और परिचित मौजूद रहे।



