गोहाना पुलिस ने पकड़े दो बाइक चोर:चुराई गई मोटरसाइकिल बरामद, कोर्ट ने दो दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा
सोनीपत जिले के गोहाना शहर थाना पुलिस ने बाइक चोरी के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान साहिल निवासी गांव न्यात, गोहाना और रॉकी निवासी गांव खेड़ी दमकन, सोनीपत के रूप में हुई है। यह मामला मई 2024 का है। गोहाना की पुरानी अनाज मंडी निवासी बुधराम ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि 24 मई 2024 की रात करीब 9 बजे उन्होंने अपनी बाइक गोहाना की पटेल बस्ती स्थित मकान के बाहर खड़ी की थी। घर के बाहर से चोरी की बाइक अगली सुबह जब उन्होंने देखा तो बाइक वहां से गायब थी। अज्ञात चोर उनकी बाइक चुरा ले गए थे। पीड़ित की शिकायत पर थाना शहर गोहाना में भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। मामले की जांच मुख्य सिपाही संजीत और उनकी टीम कर रही थी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घटना में शामिल दोनों आरोपियों, साहिल और रॉकी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने उन्हें दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपियों से चोरी की गई मोटरसाइकिल की बरामदगी और अन्य आपराधिक मामलों में उनकी संलिप्तता के संबंध में पूछताछ करेगी।



