एक भारत, श्रेष्ठ भारत गोष्ठी में एकता-अखंडता पर मंथन:डॉ. महेश शर्मा बोले- सुनील भराला का 30 साल का सार्वजनिक जीवन बेदाग
सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती वर्ष के मौके पर रविवार को इंदिरा गांधी कला केंद्र, सेक्टर-6 में ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ विषय पर विचार गोष्ठी हुई। कार्यक्रम संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार और स्लम फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया। इस दौरान ‘पटेल प्रेरणा’ स्मारिका का विमोचन भी हुआ। मुख्य अतिथि पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद डॉ. महेश शर्मा ने कहा कि पंडित सुनील भराला करीब 30 वर्षों से सार्वजनिक जीवन में सक्रिय हैं। इतने लंबे समय में भी उन पर कोई दाग नहीं लगा। उन्होंने समाज और राष्ट्रहित के मुद्दों को लगातार उठाया है। यह उनके समर्पण और साफ छवि को दिखाता है। डॉ. शर्मा ने कहा कि सरदार पटेल ने देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने में बड़ी भूमिका निभाई। उनके विचारों और संकल्पों से प्रेरणा लेकर ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के निर्माण में सभी को योगदान देना चाहिए। मुख्य वक्ता पंडित सुनील भराला ने कहा कि सरदार पटेल ने देश की एकता के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित किया। उनका जीवन आज भी युवाओं के लिए प्रेरणा है। कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री परशुराम राष्ट्रीय शोध पीठ के राष्ट्रीय संयोजक देवव्रत त्यागी ने की। भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर, भाजपा नोएडा महानगर अध्यक्ष महेश चौहान, अजय भराला, राजेश्वर डे सहित सामाजिक और राजनीतिक संगठनों से जुड़े लोग मौजूद रहे।



