फरीदाबाद में अपार्टमेंट के फ्लैट में लगी आग:परिवार के सदस्य बाहर गए, पड़ोसियों ने दी फायर ब्रिगेड को सूचना, शॉर्ट सर्किट की आशंका
फरीदाबाद के सेक्टर-48 के पास स्थित गीता अपार्टमेंट की पहली मंजिल पर बने एक फ्लैट में मंगलवार शाम अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। यह घटना करीब शाम 5:45 बजे की बताई जा रही है। जिस समय आग लगी उस समय घर में कोई भी मौजूद नहीं था, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। जानकारी के अनुसार, अपार्टमेंट में रहने वाले लोगों ने अचानक फ्लैट के अंदर से धुआं निकलता हुआ देखा। धुआं देखते ही पड़ोसियों ने तुरंत आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी और स्थिति को गंभीर समझते हुए पुलिस व फायर ब्रिगेड को सूचना दी। फायर कर्मियों ने पाया आग पर काबू सूचना मिलते ही दमकल विभाग की एक गाड़ी मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने फ्लैट का दरवाजा खोलकर अंदर लगी आग को बुझाने का काम शुरू किया। कुछ देर की मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पा लिया। समय रहते आग को बुझा दिए जाने से आग अन्य फ्लैटों तक फैलने से बच गई और एक बड़ा हादसा टल गया। हालांकि आग की चपेट में आने से कमरे में रखा बेड, सोफा, टेबल, कुर्सियां और अन्य घरेलू सामान जलकर राख हो गया। आग लगने के बाद अपार्टमेंट में रहने वाले लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया था, लेकिन दमकल विभाग की तत्परता से स्थिति को जल्द ही नियंत्रण में कर लिया गया। शॉर्ट सर्किट से आग लगने की संभावना प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण इन्वर्टर में शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। एसजीएम नगर थाना प्रभारी सुनील कुमार ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची थी। फिलहाल पुलिस और दमकल विभाग मामले की जांच कर रहे हैं और आग लगने के कारणों की विस्तृत पड़ताल की जा रही है।



