पानीपत के खाली प्लॉट में मिला 4 माह का भ्रूण:पेड़ के नीचे फेंका हुआ था; पुलिस ने कब्जे में लेकर जांच के लिए भेजा
पानीपत जिले के समालखा में पंचवटी कॉलोनी में सोमवार को एक खाली प्लॉट में लगभग चार माह का भ्रूण मिला। गुरुद्वारा वाली गली में पीपल के पेड़ के नीचे पड़े भ्रूण के मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, कुहाड़ पाना निवासी प्रवीन पंचवटी कॉलोनी में एक दुकान चलाते हैं। प्रवीन सोमवार दोपहर को पास के खाली प्लॉट में गए थे। इसी दौरान उनकी नजर भ्रूण पर पड़ी। उन्होंने तुरंत डायल 112 पर इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने भ्रूण को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए पानीपत के नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया। पुलिस जांच कर रही है पुलिस ने प्राथमिक तौर पर आशंका जताई है कि लोक-लाज के डर से किसी ने भ्रूण को यहां फेंका होगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है ताकि घटना के पीछे के कारणों का पता लगाया जा सके। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



