पंचकूला पुलिस ने अवैध हथियार तस्कर को पकड़ा:तीन देसी कट्टे- कारतूस बरामद, रेलवे स्टेशन के पास सप्लाई करने के लिए खड़ा था
पंचकूला पुलिस ने अवैध हथियारों की तस्करी के एक बड़े प्रयास को विफल कर दिया है। एंटी नारकोटिक्स सेल ने चंडी मंदिर कैंट रेलवे स्टेशन के पास से एक व्यक्ति को तीन देसी कट्टों और एक जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया। डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक अमरिंदर सिंह के अनुसार, एंटी नारकोटिक्स सेल को 30 जुलाई को सूचना मिली थी। सूचना में बताया गया था कि मनीमाजरा निवासी राकेश कुमार चंडी मंदिर कैंट रेलवे स्टेशन के पास किसी को अवैध हथियार सप्लाई करने के इरादे से खड़ा है। इंचार्ज सौरव रावत की अगुवाई में टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घेराबंदी की। पुलिस वाहन को देखकर आरोपी राकेश कुमार ने मौके से भागने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने उसे तुरंत काबू कर लिया। तलाशी के दौरान उसके बैग से तीन अवैध देसी कट्टे और एक जिंदा कारतूस बरामद हुए। आरोपी के खिलाफ थाना चंडी मंदिर में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी के खिलाफ पहले से दर्ज है केस जांच में सामने आया है कि बरामद हथियार पंचकूला क्षेत्र में सप्लाई किए जाने थे। पुलिस की सतर्कता के कारण आरोपी अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो सका। गिरफ्तार आरोपी राकेश कुमार के खिलाफ पहले से ही एनडीपीएस एक्ट के तहत नशा तस्करी का एक मामला दर्ज है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने मुख्य सप्लायर का खुलासा किया है। पुलिस इस खुलासे के आधार पर हथियारों की सप्लाई चेन, अन्य संभावित आरोपियों और अवैध हथियार तस्करी के पूरे नेटवर्क की गहन जांच कर रही है। शनिवार को आरोपी को कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।



