चुनाव आते ही कांग्रेस को याद आता है उत्तराखंड: रामपाल सिंह

चुनाव आते ही कांग्रेस को याद आता है उत्तराखंड: रामपाल सिंह

Aug 10, 2026 - 20:12
 0
चुनाव आते ही कांग्रेस को याद आता है उत्तराखंड: रामपाल सिंह

चुनाव आते ही कांग्रेस को याद आता है उत्तराखंड: रामपाल सिंह

रुद्रपुर। राज्य मंत्री रामपाल सिंह ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के उत्तराखंड दौरे पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव आते ही कांग्रेस और उसके नेताओं को उत्तराखंड की जनता की याद आने लगती है। उन्होंने कहा कि यह देवभूमि ही नहीं, बल्कि वीरभूमि भी है, जहां देश के सैनिकों के शौर्य और बलिदान का सम्मान सर्वोपरि है।

रामपाल सिंह ने कहा कि सर्जिकल स्ट्राइक को लेकर मल्लिकार्जुन खड़गे की पूर्व में की गई ‘छोटी-मोटी घटना’ वाली टिप्पणी देश के वीर सैनिकों के पराक्रम और बलिदान का अपमान है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को देश की सुरक्षा और सैनिकों के शौर्य पर राजनीति करने के बजाय देश के जवानों का सम्मान करना चाहिए।

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस का इतिहास दलित, आदिवासी और सैनिक हितों के प्रति दोहरे रवैये से भरा रहा है। बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर किसी एक वर्ग के नेता नहीं, बल्कि संपूर्ण भारत और सर्वसमाज के नेता थे, लेकिन कांग्रेस ने लंबे समय तक उन्हें केवल दलित नेता तक सीमित करके उनकी व्यापक राष्ट्रीय भूमिका को कमतर करने का प्रयास किया।

रामपाल सिंह ने कहा कि आज देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में दलित, आदिवासी, गरीब, वंचित और सैनिक—हर वर्ग के सम्मान एवं सशक्तिकरण के लिए काम हो रहा है। उत्तराखंड की जागरूक जनता चुनावी दौर में होने वाली राजनीति और जमीन पर होने वाले विकास के अंतर को अच्छी तरह समझती है।

उन्होंने कहा, “खड़गे जी, उत्तराखंड की जनता चुनाव के समय आने वाले नेताओं से सिर्फ भाषण नहीं, बल्कि यह जवाब चाहती है कि जब चुनाव नहीं थे, तब देवभूमि और यहां के लोगों की याद क्यों नहीं आई?”