गुरुग्राम में किराए के कमरे में मिला युवक का शव:पुलिस ने शव मोर्चरी भिजवाया, अत्यधिक शराब पीने का आदी था
गुरुग्राम में राजेंद्र पार्क थाना क्षेत्र के दौलताबाद गांव में किराए के कमरे से एक 27 वर्षीय युवक का शव मिला है। मृतक की पहचान दौलताबाद निवासी आशीष (27) के रूप में हुई है। युवक के सिर पर पत्थर जैसी किसी भारी वस्तु से चोट के निशान हैं। घटना की सूचना मिलते ही राजेंद्र पार्क थाना पुलिस और फॉरेंसिक की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। रविवार दोपहर पुलिस को सूचना मिली थी कि दौलताबाद में एक युवक अपने कमरे में मृत पड़ा है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। परिजनों का कहना है कि वे लगातार कॉल कर रहे थे, लेकिन आशीष ने कॉल नहीं उठाया। जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवाया है ताकि मृत्यु के सटीक कारणों का पता चल सके। शुरुआती जांच में पुलिस को पता चला है कि मृतक अत्यधिक शराब पीने का आदी था और अकेले ही रूम पर रहता था। घटना के कारणों का पता लगाने के लिए आस-पास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और स्थानीय सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।



