रतिया में कूड़ा उठाने पर हंगामा, सफाई कर्मचारी हिरासत में:25वें दिन भी हड़ताल जारी, प्रशासन ने डंपिंग प्वाइंट से कूड़ा उठाया
फतेहाबाद जिले के रतिया में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के 25वें दिन कूड़ा उठाने को लेकर प्रशासन और कर्मचारियों के बीच हंगामा हो गया। प्रशासन ने डंपिंग प्वाइंटों से कूड़ा हटाने की कोशिश की, जिसका कर्मचारियों ने विरोध किया। प्रशासन की टीम ने मजिस्ट्रेट प्रोफेसर परमजीत सिंह, बिजली विभाग के एसडीओ सुनील कंबोज, नगर पालिका सचिव शुभम कुमार और थाना प्रभारी शीशपाल की अगुवाई में टोहाना रोड स्थित डंपिंग प्वाइंटों से जेसीबी और ट्रैक्टर-ट्रालियों से कूड़ा उठाना शुरू किया। मौके पर पहुंचे सफाई कर्मचारियों ने जेसीबी के आगे बैठकर इस कार्रवाई का विरोध किया। सफाई कर्मचारियों को हिरासत में लिया स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने 45 सफाई कर्मचारियों को हिरासत में ले लिया। इसके बावजूद, लगभग 20 सफाई कर्मचारी रतिया नगरपालिका परिसर में अपनी मांगों को लेकर हड़ताल पर डटे हुए हैं। प्रशासन ने डंपिंग प्वाइंटों से कूड़ा उठाने का काम जारी रखा। कर्मचारी नेता भूप सिंह ने आरोप लगाया कि सरकार ने कर्मचारियों से किए गए वादों को पूरा नहीं किया है। उन्होंने बताया कि कच्चे कर्मचारियों को पक्का करना और पुरानी पेंशन बहाल करना उनकी प्रमुख मांगों में शामिल हैं। सरकार का अड़ियल रवैये को लेकर दी चेतावनी भूप सिंह ने जानकारी दी कि सर्व कर्मचारी संघ की बैठक में आगे की रणनीति तय की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार का रवैया अड़ियल रहा, तो हड़ताल अनिश्चितकाल तक जारी रहेगी। कर्मचारियों ने कहा कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, वे प्रशासन द्वारा कूड़ा उठाने की कार्रवाई का विरोध करते रहेंगे।



