मंदिर से 4 तांबे के नाग देवता चुराने वाला गिरफ्तार:बेचने की फिराक में था आरोपी, CCTV से पुलिस ने 24 घंटे में पकड़ा
बरेली के बारादरी थाना पुलिस ने बाबा बनखंडी नाथ महादेव मंदिर में हुई चोरी का 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने 108 शिवलिंगों पर स्थापित चार तांबे के नाग देवता चोरी करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की निशानदेही पर चोरी किए गए चारों नाग देवता बरामद कर लिए गए हैं। यह घटना 29 अगस्त 2026 को जोगी नवादा स्थित बाबा बनखंडी नाथ महादेव मंदिर परिसर में हुई थी। अज्ञात व्यक्ति मंदिर परिसर से चार तांबे के नाग देवता चोरी कर ले गया था। घटना की जानकारी मिलने पर मंदिर के महंत ने बारादरी थाने में तहरीर दी, जिसके आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। CCTV फुटेज खंगालने के बाद आरोपी तक पहुंची पुलिस धार्मिक स्थल पर चोरी की घटना को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई और मुखबिरों को भी सक्रिय किया गया। इसी दौरान पुलिस को आरोपी के संबंध में सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस ने जोगी नवादा के पास से इसरार (24) को गिरफ्तार कर लिया। वह अल्वी मस्जिद के पास, थाना बारादरी क्षेत्र का रहने वाला बताया गया है। बेचने की फिराक में था चोरी का माल पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने मंदिर से चार तांबे के नाग देवता चोरी करने की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर चोरी किया गया पूरा माल बरामद कर लिया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी चोरी किए गए तांबे के नाग देवताओं को बेचने की फिराक में था। आरोपी के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जा रही है और उसे न्यायालय के समक्ष पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। स्थानीय लोगों ने मंदिर में हुई चोरी का 24 घंटे के भीतर खुलासा होने पर पुलिस की कार्रवाई पर संतोष जताया है।



